चित्रकूट: समीक्षा बैठक में डीएम ने लगाई डीपीआरओ की क्लास, कहा- फील्ड में जाया करें
चित्रकूट। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शुक्रवार को जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने जिला पंचायत राज अधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की। उनसे कहा कि आप फील्ड में नहीं निकलते हैं। अपनी कार्यशैली में बदलाव करें नहीं तो सस्पेंशन भेजा जाएगा।
डीएम की नाराजगी इतने में ही नहीं रुकी। उन्होंने कहा रिटायरमेंट का समय कम है, इसको देख लें। हर काम आपका ढीला हो रहा है। काम थोड़ा तेज करना सीखें। ग्राम विकास में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है लेकिन निष्क्रिय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सीडीओ को निर्देश दिए कि वह डीपीआरओ का डेली का फील्ड टूर बनाएं। विकास व अन्य कामों की समीक्षा बैठक में डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से नहरों की सिल्ट सफाई पर मौके पर काम कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीडीओ को टीम बनाकर इसका मुआयना कराने को कहा। डीएम ने कहा कि लापरवाही से छवि ख़राब होती है। बैठक में डीएम ने क्षतिग्रस्त सड़कों को 15 दिन के अंदर ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीएम ने कामों और योजनाओं के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी राजकुमार त्रिपाठी, समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला पंचायत राज अधिकारी तुलसीराम, बेसिक शिक्षाधिकारी लव प्रकाश यादव आदि अधिकारी मौजूद थे।
