Kanpur RDSDE भवन लखनऊ होगा शिफ्ट, मुख्यालय को ट्रांसफर करने के लिए जारी हुआ नया गजट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, [अभिषेक वर्मा]। अप्रेंटिसशिप से जुड़ी अब सभी गतिविधियां जल्द ही लखनऊ से क्रियांवित होंगी। डीजीटी के शहर स्थित क्षेत्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता निदेशालय (आरडीएसडीई) का मुख्यालय स्थानांतरित हो रहा है। इस संबंध में संशोधित गजट जारी कर दिया गया है, जिसके तहत लखनऊ में इसका नया मुख्यालय होगा। 

कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) के आरडीएसडीई का मुख्यालय अभी शहर में गोविंद नगर के सीटीआई चौराहे के पास है। मुख्यालय से कानपुर समेत प्रदेश भर में अप्रेंटिसशिप योजना को सुचारू रूप से चलाने और उसकी मॉनीटरिंग की जाती है।

विभाग सरकारी, सहकारी और निजी इंडस्ट्री और कार्यालय में नियमानुसार अप्रेंटिस के छात्र रखने की जांच करता है। उन्हें उचित मानदेय भी दिलाता है। इसके साथ ही डीजीटी द्वारा प्रदेश भर में संचालित होने वाली योजनाओं पर भी यहीं से नजर रखी जाती है।

अब इसका मुख्यालय लखनऊ शिफ्ट किया जा रहा है। जिसके बाद से वहीं से अप्रेंटिसशिप योजना का क्रियांवयन किया जाएगा। निदेशालय में अभी एक निदेशक, दो सहायक निदेशक, दो प्रशिक्षण अधिकारी, एक जेटीए, एक सहायक, एक एमटीएस तैनात हैं।  

कई चरणों के बाद हुआ संशोधन

क्षेत्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता निदेशालय के मुख्यालय में संशोधन कई चरणों में हुआ है। निदेशालय के स्थापना के संबंध में आठ जनवरी 2019 को संकल्प प्रकाशित  किया गया। जिसके बाद 27 मार्च 2019, 20 नवंबर 2019 और 25 अगस्त 2022 को शुद्धिपत्र प्रकाशित किया गया तब जाकर आंशिक संशोधन किया गया है। जिसके बाद आरडीएसडीई उत्तर प्रदेश का नया मुख्यालय कानपुर से लखनऊ शिफ्ट होने का गजट जारी किया गया।

एनएसटीआई यहीं होगा संचालित 

गोविंद नगर स्थित आरडीएसडीई परिसर में राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) का संचालन किया जा रहा है। जहां पर छात्र-छात्राओं को तकनीकी ज्ञान और प्रशिक्षण दिया जाता है। आरडीएसडीई कार्यालय के स्थानांतरित होने पर इस भवन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पहले की तरह से ही यहां पर छात्रों की पढ़ाई जारी रहेगी।

प्रदेश भर में यह प्रमुख कार्य

-    अप्रेंटिसशिप का क्रियांनवयन
-    स्टेट डॉयरेक्ट्रेट से कॉर्डिनेशन
-    आईटीआई का एफिलेशन
-    डीजीटी की स्कीमों का संचालन

संशोधन हुआ है। अब आरडीएसडीई का मुख्यालय लखनऊ होगा। उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर आगे कार्य किया जाएगा।- जेडी मासिलामणि, क्षेत्रीय निदेशक आरडीएसडीई

संबंधित समाचार