रायबरेली: दुकान के अंदर पंखे से फंदा लगाकर व्यापारी ने दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली। ऑटो पार्ट्स की दुकान करने वाले युवा व्यापारी ने दुकान के अंदर पंखे पर लटक कर जान दे दी है। उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है। यह घटना लालगंज कस्बे के जीवनदीप पैलेस के सामने हुई है। यहां पर क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी अनिल कुमार (35 वर्ष) पुत्र शिवकिशोर ऑटो पार्ट्स की दुकान करता था। शुक्रवार की शाम को वह दुकान बंद करके घर गया था।

बताते हैं कि रात में फिर घर से दुकान पर लौट आया। जहां उसने दुकान के अंदर पंखे से लटक कर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई है। उसके परिजन देर रात तक उसका इंतजार करते रहे। उसके बाद शनिवार की सुबह परिजन दुकान पर पहुंचे तो युवक का शव फांसी पर लटक रहा था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

दुकान पर कस्बे के लोगों की खासी भीड़ जमा हो गई। उसके बाद मामले की सूचना  पुलिस को दी गई। सूचना पाकर अपराध निरीक्षक पंकज त्यागी मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया । उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मरते समय भी थी परिवार की चिंता
युवक ने आत्महत्या करते समय भी परिवार का ध्यान रखा था। उसने सुसाइड नोट लिखकर कहा है कि इस घटना में परिवार के लोगों को परेशान न किया जाए। उसने एक दुकानदार को घर बनवाने के लिए दिए गए 25 हजार रुपए का भी जिक्र किया है। युवक के माता पिता बाहर शहर में रहते हैं। यहां वह और उसकी पत्नी साथ रहते थे। ऐसा समझा जाता है कि पत्नी से विवाद के बाद उसने आत्महत्या की है।

संबंधित समाचार