रुद्रपुर: फर्जी डिग्री बनाने के आरोपियों के फ्लैट व प्रतिष्ठान सील
रुद्रपुर, अमृत विचार। फर्जी मार्कशीट व डिग्री बनाने वाले गिरोह के भंडाफोड़ के बाद पुलिस ने अपराध स्थल को सील कर दिया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के दो फ्लैट व एक दुकान को सील कर दिया है।
गुरुवार देर शाम को पुलिस ने मेट्रोपोलिस कॉलोनी में वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान चलाने के दौरान एक फ्लैट से विभिन्न विश्वविद्यालय की फर्जी मार्कशीट व डिग्री बनाने के धंधे का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान पुलिस ने मौके से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था। मामले में गिरोह का मुख्य सरगना अभी फरार है।
वहीं पुलिस धंधे में संलिप्त अन्य लोगों की भी पड़ताल कर रही है। शनिवार को पुलिस ने साक्ष्य सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मुख्य सरगना के नैनीताल रोड पर आवास विकास स्थित कीरत ट्रैडिंग के कंप्यूटर प्रतिष्ठान को सील कर दिया। साथ ही कॉलोनी स्थित फ्लैट को भी पुलिस ने सील कर दिया है। पुलिस आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच कर रही है।
