समीक्षा बैठक में बोले कृषि मंत्री- उर्वरकों की कालाबाजारी करने वाले होंगे दंडित
लखनऊ। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उर्वरकों की कालाबाजारी करने वाले दंडित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उर्वरकों की कंपनियों में सभी जिलों में समुचित मात्रा में उर्वरक मुहैया कराएं। कृषि मंत्री शनिवार को अपने सरकारी आवास पर उर्वरकों की आपूर्ति की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कंपनियों आवंटन प्लान के अनुसार उर्वरकों की रेक भेजना सुनिश्चित करें।
कृषि मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से जिले भर में उर्वरकों की उपलब्धता की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। कृषि विभाग के अधिकारियों ने कृषि मंत्री को अवगत कराया कि बीती 11 नवम्बर को 14.31 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 271 लाख मीट्रिक टन डीएपी, 0.90 लाख मीट्रिक टन एनपीके, 2.02 लाख मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने मंडल स्तर पर उपलब्धता की जानकारी देते हुए कहा कि सहारनपुर 45,111 मीट्रिक टन, मेरठ 76,055 मीट्रिक टन, आगरा 1,05,727, अलीगढ़ 83,006, बरेली 1,11,787, मुरादाबाद 90,395, कानपुर 1,18,981, प्रयागराज 1,00,059, झांसी 43,351, चित्रकूट धाम बांदा 26,952, वाराणसी 70,773, विंध्याचल 30,782, आजमगढ़ 49,092, गोरखपुर 80,639, बस्ती 60,740, देवीपाटन मंडल गोंडा 73,990, लखनऊ 1,57,214, अयोध्या 1,06,137 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। इनमें यूरिया, डीएपी, एनपीके व एसएसपी उवर्रक शामिल हैं। किसानों को बुवाई के लिए फास्फेटिक उर्वरकों डीएपी, एनपीके व सिंगल सुपर फास्फेट सभी जिलों में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
