रामपुर: डेंगू पीड़ित महिला समेत दो की मौत, 211 मरीजों का हो रहा उपचार
कोरोना संक्रमण की तरह पांव पसार रहा है डेंगू, नाकाफी साबित हो रहे हैं स्वास्थ्य विभाग के इंतजाम
रामपुर, अमृत विचार। पिछले एक माह से काफी तेजी से डेंगू मच्छरों का कहर बढ़ता जा रहा है। जिले में रोजाना एक दो नए मरीज लगातार मिल रहे हैं। शुक्रवार को नए सात मिलने के बाद मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ था, जोकि मरीजों की संख्या 205 हो गई थी, लेकिन शनिवार शाम को आई रिपोर्ट में छह और मरीज निकले।
इस तरह से अब संख्या 211 हो गई है। जबकि शनिवार को महिला समेत दो लोगों की डेंगू बुखार की चपेट में आने से मौत हो गई। अब मरने वालों की संख्या 15 के पार हो चुकी है, लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग के कागजों में किसी की मौत की संख्या नहीं चढ़ी है।
एक माह से जिले में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। रोजाना मरीज इसकी चपेट में आ रहे हैं। जनपद में अब तक डेंगू की चपेट में आने से 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
शनिवार को गंज थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव निवासी रूबी पत्नी फखरुद्दीन की तीस हजार प्लेटलेटे्स बची थीं। उनका उपचार काफी समय से एक निजी अस्पताल में चल रहा था। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा थाना गंज क्षेत्र के काशीपुर आंगा निवासी मोहम्मद फारुख उम्र 30 वर्ष को कुछ दिन पहले बुखार आया था।
हालत गंभीर होने पर परिजनों ने तीन दिन पहले युवक को मुरादाबाद टीएमयू में भर्ती कराया था। लेकिन युवक की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। शनिवार सुबह इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजन युवक का शव लेकर घर आए तो कोहराम मच गया।
क्षेत्र में डेंगू का कहर बढ़ रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 57 लोगों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए थे। जहां छह लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इस तरह से अब संख्या बढ़कर 211 पहुंच गई है। मरने वालों की संख्या 15 हो गई है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मना कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - रामपुर: गोकशी के आरोपी की 30 लाख की संपत्ति कुर्क
