महिला क्रिकेट टीम का लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति ने अभिभावकों की तरह बढ़ाया हौसला

अमृत विचार लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में एक नया अध्याय जुड़ने के बाद महिला क्रिकेट टीम से कुलपति प्रोफेसर आलोक राय ने मुलाकात की। इस दौरान एक अभिभावक के रूप में उन्होंने छात्राओं का हौंसला बढ़ाया। दरअसल विश्वविद्यालय के 100 साल के इतिहास में पहली बार यहां महिला क्रिकट टीम का गठन किया गया है। इस कार्य में प्रोफेसर अजय कुमार आर्या की भी भूमिका अहम रही है।
अब ये टीम शिमला में आयोजित प्रतियोगिता में शामिल होने जा रही है। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि शिमला में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन महिला क्रिकेट अंतर विश्वविधालय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय की महिला क्रिकेट टीम के 10 दिवसीय कैंप का शुभारंभ कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय की ओर से किया गया।
इस अवसर पर कुलपति ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके अभ्यास के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा सभी खिलाड़ियों को आगामी खेल प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी। इस कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. रूपेश कुमार, मुख्य कुलानुशासक प्रो. राकेश द्विवेदी, क्रिकेट क्लब प्रेसिडेंट डॉ. अजय कुमार आर्या, डॉ. संगीता साहू, डॉ. ओ. पी. शुक्ला, डॉ. अल्वी और अन्य मौजूद रहे।
