अयोध्या: यलो जोन से फिर एक बाइक चोरी, सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना
अयोध्या। राम नगरी के सुरक्षित यलो जोन क्षेत्र से वाहन चोर गिरोह ने फिर एक मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया। बाइक मंदिर स्थित गैराज में खड़ी की गई थी। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इससे पहले कार्तिक मेले के दौरान हनुमानगढ़ी क्षेत्र से ड्यूटी पर आए पुलिस उपनिरीक्षक की बाइक चोरी हुई थी।
पड़ोसी जनपद बस्ती के बभनान चौकी क्षेत्र स्थित पुरुषोत्तमपुर महुआ डाबर निवासी अवनीश पांडेय पुत्र भोला प्रसाद अयोध्या कोतवाली क्षेत्र स्थित विजय राघव मंदिर विभीषण कुंड में रहकर विद्या अध्ययन करता है। अवनीश का कहना है कि रोज की तरह शाम को उन्होंने अपनी बाइक सफेद अपाचे यूपी 51 एजेड 6401 मंदिर स्थित गैराज में खड़ी की थी। शुक्रवार की सुबह उठा तो देखा कि गैराज से बाइक गायब है।
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे के रिकॉर्डिंग को देखा गया तो पता चला कि रात 1:40 बजे एक शख्स बाइक को लेकर जा रहा है। शिकायत पुलिस को दी गई है। अयोध्या कोतवाल मनोज कुमार शर्मा का कहना है कि शिकायत मिलते ही केस दर्ज कर लिया गया है। छानबीन और बाइक व आरोपी की तलाश कराई जा रही है।
