उपचुनाव: बीजेपी जल्द कर सकती है प्रत्याशियों के नाम का ऐलान, केंद्रीय चुनाव समिति को भेजी गयी लिस्ट
लखनऊ, अमृत विचार। यूपी में होने वाले आगामी उपचुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी एक्शन मोड में आ गयी है। सूत्रों के अनुसार रविवार को पार्टी की तरफ से यूपी के खतौली , मैनपुरी और रामपुर उपचुनावों में भाग लेने के लिए तैयार की गयी लिस्ट पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दी गयी है। गौरतलब है कि यूपी में उपचुनाव के लिए पांच दिसंबर को मतदान होगा और नतीजे आठ दिसंबर को घोषित किये जाएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार हर सीट से तीन नाम फाइनल किये गए हैं। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति आज या 14 नवंबर को तीनों सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है और 16 नवंबर को उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
गौरतलब है कि उपचुनावों पर मंथन को लेकर सीएम योगी के आवास पर बीजेपी कोर कमिटी कि बैठक आयोजित कि गयी थी। जिसमें सीएम योगी के अलावा, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के यूपी प्रभारी राधा मोहन सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
