अयोध्या : आलोक को मिस्टर व प्रीती को मिस फ्रेशर का खिताब
अमृत विचार, अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. हिमांशु शेखर सिंह के निर्देश पर फ्रेशर और फेयरवेल पार्टी का संयुक्त रूप से आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. अशोक शुक्ल द्वारा की गई। इस कार्यक्रम में बीबीए तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा बीबीए प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों का स्वागत, जबकि अंतिम सेमेस्टर के छात्र छात्राओं को विदाई दी गई। व्यवसाय प्रबंध विभाग में संचालित बीबीए कोर्स के इस कार्यक्रम में तीन सौ से अधिक छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
विभिन्न पड़ावों को पार करते हुए अंशिका तिवारी व विनायक देव का चयन क्रमश: मिस फेयरवेल व मिस्टर फेयरवेल के लिए किया गया। आलोक सिंह को मिस्टर फ्रेशर और प्रीती प्रजापति को मिस फ्रेशर का खिताब मिला। गेम शो, क्विज, नृत्य एवं गायन की अनेकों प्रस्तुतियों ने समां बांधा।
प्रो. शैलेंद्र वर्मा ने बताया की विगत कुछ वर्षों में ऐसे आयोजन कोरोना के कारण नहीं हो सके थे लेकिन विभाग की वर्षों पुरानी इस परंपरा को अब प्रति वर्ष जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निमिष मिश्र व डॉ. प्रवीण कुमार राय ने किया।
