रायपुर: पुलिस जवान ने खुद को मारी गोली, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कोंडागांव जिले में एक सहायक आरक्षक ने कथित रूप से खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के धनोरा थाने में पदस्थ सहायक आरक्षक सजन ठाकुर (35) रविवार को जब अपने बैरक में था तब रात करीब सवा दस बजे उसने खुद को गोली मार ली।

उनके अनुसार गोली की आवाज सुनकर जब अन्य जवान मौके पर पहुंचे तब उन्होंने ठाकुर को खून से लथपथ देखा और उन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ठाकुर जिले के बहमनी ​गांव का निवासी था और उसके परिजनों को इस घटना की जानकारी दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि ठाकुर पिछले कुछ समय परिवार में तनाव के कारण परेशान था, हालांकि आत्महत्या के कारणों के संबंध सही जानकारी नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें - चिटफंड कंपनियों द्वारा ठगे गए 19 हजार निवेशकों को वापस दिलवाए गए पैसे- CM भूपेश