चित्रकूट : डीईओ बोले, निजी विक्रेताओं से किसान लें डीएपी, नहीं है नुकसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, चित्रकूट। जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे निजी खाद विक्रेताओं से भी डीएपी खरीद सकते हैं। इन उर्वरकों के इस्तेमाल से खेती को कोई नुकसान नहीं है। शुक्ला ने बताया कि जिले में इस समय रबी की बुवाई का समय है। किसानों को खेत में फॉस्फोरसयुक्त खाद प्रयोग करने के लिए डीएपी  एनपी आदि उर्वरकों की ज़रूरत पड़ती है।

 बताया कि जिले में एनएफएल,  आईपीएल,  चंबल फर्टीलाइजर्स आदि कंपनियों की लगभग दस हजार बोरी खाद निजी विक्रेताओं के यहाँ उपलब्ध है। किसान वहां से खाद ले सकते हैं। बताया कि जिस मात्रा में इफको की डीएपी में फॉस्फोरस व नाइट्रोजन पाए जाते हैं,  उतनी ही मात्रा में निजी कंपनियों में भी ये तत्व होते हैं।

कंपनी की भिन्नता होने पर भी पोषक तत्वों की मात्रा व उपलब्धता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि पंजीकृत उर्वरक विक्रेताओं से किसान निर्धारित मूल्य पर डीएपी व अन्य खाद खरीद सकते हैं।


बढ़े मूल्यों पर खाद बिकने की आशंका

इस सुविधा से किसानों को खाद की कमी तो दूर हो सकती है पर कई किसानों ने कई तरह की आशंकाएं जताई हैं। इनको आशंका है कि कंपनी की खाद के नाम पर कई जगहों पर नकली खाद बेची जा सकती है और उर्वरक विक्रेता मनमाने दाम पर भी खाद बेच सकते हैं।

हालांकि डीएओ ने विक्रेताओं को सचेत किया है कि बिना पीओएस मशीन के सब्सिडीयुक्त उर्वरक न बेचें। निर्धारित दाम में सही खाद बेची जाए। किसी प्रकार की उर्वरक वितरण संबंधी समस्या के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में स्थित कंट्रोल रूम के नंबर 8423128862/ 7839882701 पर प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः नौ  बजे से सायं पांच  बजे तक फोन करके किसान समस्या का समाधान पा सकते हैं।