संभल: डीएपी खाद लेने के लिए भवालपुर में उमड़े किसान, सुबह से शाम चार बजे तक लगी रही कतार
संभल/असमोली, अमृत विचार। गेहूं फसल बुवाई के लिए डीएपी खाद लेने को समितियों पर किसानों की भीड़ उमड़ रही है। इसके बावजूद भी किसानों को खाद नहीं मिल रही है। जिसकी वजह से किसान की खेतों की नमी सूख रही है। थाना ऐचोडा कम्बोह क्षेत्र की सहकारी समिति पर सोमवार सुबह से ही किसान कतार में लगे रहे। शाम चार बजे किसानों को खाद का वितरण किया गया।
जनपद में रबी की फसल की बुवाई का समय चल रहा है। किसान ने गेहूं की फसल की बुवाई करने के लिए खेतों को तैयार कर लिया है। जिससे फसल की समय पर बुवाई की जा सके, लेकिन डीएपी खाद नहीं मिलने से फसल की बुवाई पिछड़ी जा रही है। किसान सुबह से ही सहकारी समिति पर खाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं और शाम तक सहकारी समिति पर भूखा प्यासा रहकर कतारों में लगकर शाम को खाली हाथ लौटकर लौट रहे हैं।
मंगलवार को ऐचोडा कम्बोह थाना क्षेत्र के गांव भवालपुर में पुलिस चौकी के पास स्थित इफ्को खाद की दुकान पर सुबह से ही किसान खाद लेने के पहुंच गए। जिससे वहां किसानों की भीड़ लग गई। खाद पहले लेने की होड़ में किसानों ने हंगामा भी किया। लेकिन कर्मचारियों ने स्थिति को भांपते हुए किसानों से लाइन लगाकर खाद लेने की अपील की।
जिसके बाद किसानों ने कतार में लगकर पहले आधार कार्ड जमा कराए। जिसके बाद किसानों को शाम चार बजे के बाद डीएपी खाद का वितरण शुरू किया गया। जिससे किसान सुबह से शाम तक भूखा प्यासा सहकारी खाद की दुकान पर पड़ा रहा है। वहीं किसानों की भीड़ की वजह से ऐचोडा भवाल पुर मार्ग पर आने जाने वाले राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें:- संभल: सांप के डसने से किसान के बेटे की मौत
