अयोध्या: लावारिस की मौत के एक माह बाद शुरू हुई बदइंतजामी की जांच
अयोध्या, अमृत विचार। जिला अस्पताल के सेप्टिक (लावारिस) वार्ड में भर्ती एक लावारिश युवक की मौत के लगभग एक माह बाद वार्ड के बदइंतजामी की जांच शुरू हुई है। चर्चा है कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर प्रमुख सचिव ने एडी स्वास्थ्य से मामले में आख्या मांगी है। जिसको लेकर मंगलवार सुबह एडी ने जिला अस्पताल पहुंच वार्ड का जायजा लिया है। हालांकि वह किसी जांच अथवा आख्या की बात से इनकार करते हैं। वहीं प्रमुख अधीक्षक चिकित्सा का कहना है कि सुबह एडी सेप्टिक वार्ड की जांच करने आए थे।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल परिसर में एक युवक 12 अक्टूबर की शाम गहरी नाली में पड़ा मिला था। मामले की जानकारी पर कुछ लोगों ने उसे नहलाया धुलाया था तब पता चला था कि यह शख्स कई दिनों से सेप्टिक (लावारिस) वार्ड में भर्ती है। इस घटना के अगले दिन 13 अक्टूबर को इस लावारिश शख्स की मौत हो गई थी। चर्चा है कि किसी ने पूरे मामले का वीडियो और शिकायत सरकार को भेजी थी। घटना का संज्ञान लेकर डिप्टी सीएम स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने मामले की जांच का आदेश दिया है। जिसको लेकर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने आज ही एडी स्वास्थ्य को जांचकर आख्या मांगी है। इसी को लेकर एडी स्वास्थ्य सुबह आठ बजे ही जिला अस्पताल पहुंचे और उन्होंने सेप्टिक (लावारिस) वार्ड का जायजा लिया।
इस बाबत प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. सीबीएन त्रिपाठी का कहना है कि किसी मामले में एडी स्वास्थ्य को जांच कर आख्या देने को कहा गया है। जिसके लिए वह सुबह जिला अस्पताल आए थे और उन्होंने सेप्टिक (लावारिस) वार्ड का जायजा लिया है। वहीं एडी स्वास्थ्य डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि उन्होंने सेप्टिक (लावारिस) वार्ड का जायजा लिया है। वार्ड में 6-7 लावारिस मरीज भर्ती मिले। सभी का ठीक से उपचार किया जा रहा है। कोई अव्यवस्था नहीं मिली है। जांच और आख्या मांगे जाने के बाबत उन्होंने कोई जानकारी होने से ही इनकार किया है।
