लखनऊ: राज्यपाल के हाथों मिलेंगी 158 डिग्रियां और 47 पदक, भातखंडे विवि का दीक्षांत समारोह कल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार संवाददाता, लखनऊ। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह 16 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की अध्यक्षता में होने वाले इस दीक्षांत समारोह में पद्मश्री पुरु दाधीच मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। विश्वविद्यालय के कला मंडपम सभागार में होने वाले दीक्षांत समारोह में स्नातक और परास्नातक के 155 विद्यार्थियों के अलावा पीएचडी के तीन विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी।

वर्ष 1926 में मैरिस कॉलेज ऑफ हिन्दुस्तानी म्यूजिक के नाम से शुरू हुए संस्थान ने अब राज्य विश्वविद्यालय का रूप ले लिया है। शुरुआत के समय इसमें 13 विद्यार्थी और 7 शिक्षक थे लेकिन अब यहां से 1800 विद्यार्थी हर साल शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

दीक्षांत समारोह के संबंध में कुलपति के प्रतिनिधि के तौर पर लखनऊ के असिस्टेंट कमिश्नर शीलधर यादव और विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार तुहिन द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष की परीक्षा में प्रथम स्थान पाने वाले प्रत्येक विभाग के विद्यार्थी को अपनी कला के प्रदर्शन का मौका भी दिया जाएगा।

इस दीक्षांत समारोह में राज्यपाल विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित 110 पेज के भारतीय कलाकार कैटलॉग का विमोचन भी करेंगी। इस कैटलॉग में ऑडियो और वीडियो के माध्यम से भारतीय कलाकारों का जीवन परिचय की पेन ड्राइव भी दी जाएगी।

इसके अलावा जनवरी 22 में विभिन्न स्कूलों में 9 से 12 वर्ष आयु वर्ग और 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के बीच गायन, वादन और नृत्य की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इनके विजेताओं को भी दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

22 विद्यार्थियों को मिलेंगे 47 पदक
भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में 22 मेधावी विद्यार्थियों को 47 पदक दिए जाएंगे। इनमें 30 को स्वर्ण, 9 को रजत और 8 को कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। कथक नृत्य में एमपीए करने वाली पृथ्वी सिंह को सर्वाधिक आठ स्वर्ण पदक मिलेंगे।

पृथ्वी सिंह को राय उमानाथ बली मेधा स्वर्ण पदक, युवा आदित्य रंजन स्वर्ण पदक, लीला वामन राय सडोलीकर स्वर्ण पदक, डॉ. समर बहादुर सिंह स्वर्ण पदक, पं. मोहन राव कल्याणपुरकर स्वर्ण पदक, सरोजा वैद्यनाथन स्वर्ण पदक, सुभाष चन्द्र द्विवेदी स्वर्ण पदक और स्वर्गीय सरला श्रीवास्तव स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा।

गायन में एमपीए करने वाली कर्नूरी हरीश को चार पदक मिलेंगे। उन्हें पं. वामन राव सडोलीकर स्वर्ण पदक, श्रीमती शीला सक्सेना स्वर्ण पदक, डॉ. सुरेन्द्र कुमार सक्सेना स्वर्ण पदक और पं. कृष्ण नारायण सतंजनकर रजत पदक से सम्मानित किया जायेगा।

गायन में एमपीए आम्रपाली गुप्ता को पं. भातखंडे रजत पदक, पं. कृष्ण नारायण सतंजनकर कांस्य पदक दिया जाएगा। गायन में बीपीए करने वाले अनुराग मौर्या को स्वर्गीय पुतली बाई स्वर्ण पदक, पं. कृष्ण नारायण सतंजनकर एवं इंदिरा बाई सतंजनकर स्वर्ण पदक, पं. घनानन्द प्रकाश स्वर्ण पदक और स्वर्गीय शिशिर कुमार स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जायेगा।

गायन में बीपीए मानसी कनौजिया को पं. कृष्ण नारायण सतंजनकर रजत पदक और पं. भातखंडे रजत पदक प्रदान किया जाएगा। गायन में बीपीए विदित जोशी को प. कृष्ण नारायण सतंजनकर कांस्य पदक और पं. भातखंडे कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा।

एमपीए गायन सौम्या श्रीवास्तव को पं. भातखंडे कांस्य पदक, बांसुरी वादन में एमपीए मुकेश कुमार को वीएस निगम स्वर्ण पदक, स्वर्गीय डॉ. मीता सक्सेना स्वर्ण पदक, शिवेंद्र नाथ बसु स्वर्ण पदक दिया जाएगा। बांसुरी में ही एमपीए शशिकांत को पं. भातखंडे रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा। एमपीए वायलिन शगुन शुक्ला को पं. भातखंडे कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा।

बीपीए बांसुरी राहुल त्रिपाठी को स्वर्गीय मोनिका घोष स्वर्ण पदक और स्वर्गीय कृष्ण चन्द्र पन्त स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा। एमपीए तबला फलेश कुमार श्रीवास्तव को पं. सखाराम मृदंगाचार्य स्वर्ण पदक और स्वामी पागल दास मृदंगाचार्य स्वर्ण पदक मिलेगा। एमपीए तबला स्नेह देवी मौर्या को पं. भातखंडे रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा।

एमपीए तबला सौम्या सेठ को पं. भातखंडे कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा। बीपीए तबला नीलांचल पाण्डेय को पद्मविभूषण पं. किशन महाराज स्वरण पदक, पं. सदाशिव राव स्वर्ण पदक और स्वर्गीय चंटू लाल स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। बीपीए तबला ईशांक सिंह अरोड़ा को पं. भातखंडे रजत पदक से नवाजा जाएगा।

एमपीए कथक नृत्य रिया श्रीवास्तव को पं. भातखंडे रजत पदक दिया जाएगा। एमपीए भरतनाट्यम श्रेया वाजपेयी को स्वर्गीय वसंती सुब्रहमन्यम स्वर्ण पदक, के. मुत्तुकुमारन पिल्लै स्वर्ण पदक और पं. भातखंडे कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा।

बीपीए भरतनाट्यम शिवम अवस्थी को पं. शिवदास द्विवेदी स्वर्ण पदक और ललिता शास्त्री स्वर्ण पदक दिया जाएगा। बीपीए कथक नृत्य ई ए ईशानी उर्चना को पं. शिवदास द्विवेदी स्वर्ण पदक, बीपीए कथक नृत्य पी के विहांगना रक्षन को पं. भातखंडे रजत पदक तथा बीपीए कथक नृत्य यू एम अमन नेथामी को पं. भातखंडे कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा।

संबंधित समाचार