राजस्थान: सरदारशहर उपचुनाव में अनिल शर्मा होंगे कांग्रेस के उम्मीदवार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयपुर। राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने राज्य की सरदारशहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अनिल शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को शर्मा के नाम की घोषणा की। अनिल शर्मा इस सीट से विधायक रह चुके भंवर लाल शर्मा के बेटे हैं। भंवर लाल शर्मा के निधन से ही यह सीट खाली हुई थी।

ये भी पढ़ें - भारत ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में 40 वें पायदान पर पहुंचा: PM Modi

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस सीट से अशोक पींचा को टिकट दिया है। पींचा ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। सरदारशहर उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 17 नवंबर है, जबकि मतदान पांच दिसंबर को और मतगणना आठ दिसंबर को होगी।

सरदारशहर उपचुनाव में 2,89,579 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। वोटिंग के लिए कुल मतदान 295 केंद्र बनाए गए हैं। सरदारशहर (चूरू) सीट पर लंबे समय से कांग्रेस का कब्जा है। इस सीट से विधायक भंवर लाल शर्मा (77) का नौ अक्टूबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।

उन्होंने विधानसभा में कुल सात बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। राजस्थान की 200 सदस्यीय विधानसभा में इस समय कांग्रेस के 107, भाजपा के 71 और 13 निर्दलीय विधायक हैं। एक सीट खाली है, जबकि बाकी सीटें अन्य पार्टियों के पास हैं। राज्य में 2023 के आखिर में अगला विधानसभा चुनाव होना है।

ये भी पढ़ें - गुजरात चुनाव के पहले चरण के लिए 1,362 में से 999 नामांकन पत्र पाए गए वैध

संबंधित समाचार