बांदा: प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कृति व महक के माडल चयनित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा, अमृत विचार। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जूनियर वर्ग में कृति द्विवेदी और सीनियर वर्ग में महक सिंह चौहान के मॉडल चयनित किए गए। जिला समन्वयक ने प्रतिभागी बाल वैज्ञानिकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

आदर्श बजरंग इंटर कालेज में बुधवार को 30वीं जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन हुआ। उद्घाटन जिला शैक्षिक समन्वयक एवं मुख्य निर्णायक डा.जितेंद्र कुमार ने किया। जूनियर और सीनियर वर्ग में बाल विज्ञानियों ने प्रोजेक्टों का प्रस्तुतीकरण किया। विज्ञान कांग्रेस में जनपद के कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की। 

सीनियर वर्ग में सेंट जेवियर हाईस्कूल की छात्रा महक सिंह चौहान ने पहला और विद्यावती निगम मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रकाश सविता दूसरे स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में विद्यावती निगम मेमोरियल पब्लिक स्कूल की कृति द्विवेदी ने बाजी मारी। जबकि उच्चतर प्राथमिक विद्यालय गिरवां की छात्रा अंजलि द्वितीय रहीं। 

निर्णायक मंडल में शामिल डा.जितेंद्र कुमार, डा. माया वर्मा, डा.विजय कुमार, डा.सलमान करीम, डा.छवि पुरवार व डा.मनोज अस्थाना ने माडलों का अवलोकन किया। जिला समन्वयक मेजर मिथिलेश कुमार पांडेय ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता को चयनित बाल विज्ञानियों को शुभकामनाएं दीं।

जिला कार्यक्रम समन्वयक कमलेश कुमार एवं उप कार्यक्रम समन्वयक विपिन अवस्थी ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर शिक्षक सचिंद्र गुप्ता, विपिन दीक्षित, बृजेंद्र कुमार, राम प्रसाद, रवि शंकर पाल, एकता पटेल आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार