बांदा: पांच दिन पूर्व लापता बालक का शव तालाब से बरामद, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
बांदा, अमृत विचार। पांच दिन पहले घर के बाहर खेल रहे अचानक लापता हुए बालक का शव पुलिस ने नजदीक स्थित पानी से लबालब तालाब से बरामद कर लिया है। खबर पाकर सपा प्रतिनिधि मंडल एवं क्षेत्रीय विधायक मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता का कहना है कि उसके पुत्र की हत्या की गई है। इसलिये दो चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया गया।
तिंदवारी कस्बे के भगवती नगर निवासी अयांश साहू (3) पुत्र संतोष कुमार साहू पांच दिन पहले घर के बाहर खेल रहा था। दोपहर बाद अचानक वह लापता हो गया। देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन कराई, लेकिन सुराग नहीं मिला और सूचना पुलिस को दी गई। सुरागरशी में पुलिस के भी हाथ कुछ नहीं लगा। गुरुवार सुबह सपा का प्रतिनिधि मंडल बबेरू विधायक विशंभर यादव, पूर्व मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद, जिलाध्यक्ष विजयकरन यादव पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और पूछतांछ की।
इसी बीच प्रतिनिधि मंडल ने देखा, बालक का शव तालाब में औंधे मुंह पड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतक के पिता का कहना था कि उसके पुत्र की अपहरण के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई, क्योंकि उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। घटना के बाद कई बार इस तालाब की छानबीन की गई थी, लेकिन शव नहीं मिला था। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि एक-दो दिन के भीतर ही अयांश की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया। सीओ सदर गवेंद्र पाल गौतम का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों को दिया जाए 25 लाख मुआवजा
पूर्व मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद, बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव, जिलाध्यक्ष विजयकरन यादव ने बालक की अपहरण के बाद हत्या कर शव तालाब में फेंकने की घटना पर शासन-प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। सपा प्रतिनिधि मंडल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात करते हुए ढांढस बंधाया। साथ ही परिजनों को 25 लाख रुपए का मुआवजा दिए जाने की मांग की। 24 घंटे के अंदर हत्या का खुलासा कराए जाने की बात कही। पूर्व मंत्री ने मांग की है कि हत्यारोपियों को फांसी की सजा दी जाए।
