बहराइच: ई रिक्शा और बोलेरो की भिड़ंत में महिला की मौत, दो घायल

बहराइच: ई रिक्शा और बोलेरो की भिड़ंत में महिला की मौत, दो घायल

अमृत विचार, बहराइच। जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र में ई रिक्शा और बोलेरो में बृहस्पतिवार रात को भिड़ंत हो गई। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात 11 बजे एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम इंदिरापुर निवासी तीन लोग बृहस्पतिवार को क्षेत्र के भूपगंज बाजार गए थे।

रात को सभी ई रिक्शा से घर के लिए रवाना हुए। ई रिक्शा गांव इंदिरापुर में रात 9.40 बजे पहुंची। तभी सामने से आ रहे बोलेरो वाहन में टक्कर हो गई। हादसे में ई रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। साथ ही सवार यात्री राजकुमारी (35) पत्नी राज कुमार और कविता समेत तीन घायल हो गए। सभी को पयागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया गया।

इनमें राजकुमारी और कविता की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात 11 बजे इलाज के दौरान राजकुमारी की मौत हो गई। जबकि दूसरी महिला का इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाली नगर की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।