बाराबंकी: पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी। थाना बदोसराय अंतर्गत एक तीस वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर लगे आम के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता हुआ पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की आवश्यक लिखा-पढ़ी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

थाना बदोसराय के मरकामऊ गांव में राम सागर यादव 30 वर्ष पुत्र स्व: माताप्रसाद का शव सुबह खेत में काम करने गए ग्रामीणों ने संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के बाहर मुन्ना मौर्य के खेत में लगे आम के पेड़ से लटका हुआ देखा। जिसकी सूचना पर मौके पर परिजनों समेत ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। 

परिजनों से मिली जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को रस्सी के फंदे से उतारकर उसका पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई जानकी प्रसाद यादव ने बताया कि रामसागर अविवाहित था और घर से अलग हाते में सोता था। जब हम रात में वहां पहुंचे तो वह मौके पर नहीं था। 

जिससे हमें प्रतीत हुआ कि रामसागर अपने दोस्तों के साथ कहीं चला गया है। जोकि बाद में देर रात आ जाएगा। लेकिन सुबह खेत काम करने गए ग्रामीणों ने सूचना दी कि तुम्हारे भाई का शव गांव के बाहर खेत में लगे आम के पेड़ से लटक रहा है। जिसके बाद जब हम मौके पर पहुंचे तो देखा कि राम सागर का चेहरा गमछे से ढका था। 

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बदोसराय अमित मिश्रा ने बताया कि एक 30 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका पाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद की जाएगी।

संबंधित समाचार