Kanpur : भाजपा के पसमांदा सम्मेलन में मुस्लिम लाभार्थियों के शामिल होने का दावा, नगर निगम के 20 वार्ड हैं बहुल
कानपुर में 21 नवंबर को भाजपा के पसमांदा सम्मेलन में मुस्लिम लाभार्थियों के शामिल होने का दावा किया गया है। इसमें अल्पसंख्यक मोर्चे के लोगों को टिकट में प्राथमिकता मिलेगी। वहीं, नगर निगम के 20 वार्ड मुस्लिम बहुल हैं।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News नगर निगम चुनाव की हलचल और टिकट की दावेदारी के बीच भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा कानपुर में पसमांदा मुस्लिम सम्मेलन आयोजित करेगा। इसी 21 को होने वाले इस सम्मेलन भारी संख्या में मुस्लिम लाभार्थियों के शामिल होने का दावा किया गया है। वंचितों की जमात को पसमांदा कहा जाता है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री अनस उस्मानी ने बताया कि मसवानपुर के सैयदनगर में आयोजित होने वाले सम्मेलन में मोर्चा अध्यक्ष कुंअर बासित अली और राज्य सरकार के अल्पसंख्यक मंत्री दानिश आजाद अंसारी प्रमुख रूप से भाग लेंगे। इसमें मुस्लिम लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और कई योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव को सामने रखकर भारतीय जनता पार्टी ने पसमांदा कार्ड चल दिया है। पहला सम्मेलन लखनऊ में हुआ था और दूसरा रामपुर मैं। कानपुर यह तीसरा सम्मेलन होगा। भारतीय जनता पार्टी मुस्लिमों को अपने पाले में लाने के लिए लगातार यह कवायद कर रही है।
कानपुर में मुस्लिम वोटर बहुतायत में है। बकौल अनस उस्मानी नगर निगम के 110 में से करीब 20 वार्ड ऐसे हैं जहां पर मुस्लिम वोटों की भरमार है। कई वार्डों में तो भाजपा प्रत्याशी ही नहीं लड़ाती थी। पर अबकी सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारे जाएंगे। उनका कहना है कि मुस्लिम आबादी वाले वार्डों में अल्पसंख्यक मोरचा से जुड़े मुस्लिमों को ही वार्डों का टिकट दिया जाएगा।
इसके अलावा भाजपा नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद के चुनाव में भी पूरी तैयारी से जुटी है। पिछलो चुनाव के रिकार्ड निकलवा कर नेताओं द्वारा जीतहार का गुणाभाग लगाया जा रहा है। क्षेत्रीय कार्यालय में में बैठकें चल रही हैं। बिल्हौर, घाटमपुर, शिवराजपुर और बिठूर को लेकर बुधवार को बैठक हुई। बैठक में ग्रामीण अध्यक्ष कृष्णमुरारी शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधायक राहुल बच्चा सोनकर, सरोज कुरील, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, अरविंद सिंह, आदि लोग उपस्थित थे।
