बांदा : तालाब खोदाई की प्रतिदिन समीक्षा करें अफसर: कमिश्नर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बांदा। खेत-तालाब योजना बुंदेलखंड के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना से किसानों की आमदनी बढेगी। उन्होंने निर्देश दिये कि तालाब खुदाई के कार्य की प्रत्येक दिन समीक्षा की जाये और मंडल में खेत-तालाब योजना के अंतर्गत तालाबों की खुदाई का कार्य युद्धस्तर पर किया जाए, जिससे अधिक से अधिक तालाब जल्द तैयार हो सके। 

आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल आरपी सिंह ने खेत-तालाब योजना की आयुक्त कार्यालय में हुई बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मंडल के प्रत्येक जनपद में खेत-तालाब की खुदाई के कार्य में तेजी लाकर लक्ष्य के अनुरूप तालाबों की खुदाई का कार्य पूर्ण करायें।

खेत-तालाब योजना के कार्य में प्रगति धीमी पाये जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मण्डल के भूमि संरक्षण अधिकारियों को योजना के अंतर्गत अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मिशन मोड पर कार्य करते हुए जिन तालाबों में खुदाई का कार्य हो रहा है, उनको जल्द पूरा करायें।

अवशेष तालाबों में जिन किसानों ने योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराया है और उनके खेत खाली हों, उनमें तत्काल तालाब खुदाई का कार्य प्रारम्भ कराया जाए। समीक्षा में बताया गया कि मंडल में 1680 तालाब खुद चुके हैं। आयुक्त कहा कि किसान खेत-तालाब योजना से तालाबों का निर्माण कराकर मत्स्य पालन भी कर सकते हैं, जिससे किसानों की आमदनी में बढोत्तरी हो सकेगी।

उप निदेशक भूमि संरक्षण नरेंद्र कुमार ने बताया कि मंडल में 5100 तालाबों के खुदाई का लक्ष्य रखा गया है। किसानों के द्वारा अपने खेत में बडा एवं छोटा तालाब बनाने में लागत का 50 प्रतिशत अनुदान के रूप में दिया जाता है। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन अमर पाल सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र पाण्डेय, संयुक्त निदेशक राजेश कुमार समेत मंडल के सभी जिलों से भूमि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार