संभल: एसडीएम की तहरीर पर दर्ज नहीं हो सकी रिपोर्ट, जिलाधिकारी के आदेश के बाद होगी कार्रवाई
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। एसडीएम की ओर से कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर वैश्य समाज महासम्मेलन के राष्ट्रीय संरक्षक समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
तीन दिन पहले संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक पवन गुप्ता ने प्रेसवार्ता कर उपजिलाधिकारी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद गुरुवार को उपजिलाधिकारी ने कोतवाली में मीडिया से बात की थी। एसडीएम ने राष्ट्रीय संरक्षक पर दबाव बनाने व छवि धूमिल करने, स्टेनो व अर्दली को जान से मारने की धमकी देने, लेखपाल से अवैध धन की मांग करने का आरोप लगाया था।
दो आरोपियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी थी। लेकिन, दोनों के खिलाफ दूसरे दिन भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। सूत्रों का कहना है कि उपजिलाधिकारी के खिलाफ राष्ट्रीय संरक्षक ने उपमुख्यमंत्री से शिकायत की थी। इसके बाद इनके खिलाफ जांच बैठा दी गई है। इसीलिए रिपोर्ट दर्ज होने में अड़चन आ रही है। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- संभल: ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी मशीन की चपेट में आकर साइकिल किशोर की मौत
