अयोध्या: मनरेगा से 11 ब्लाकों के 20-20 गांवों में बनेगी लाइब्रेरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। जिले के सभी 11 ब्लॉकों के बीस-बीस गांवों में लाइब्रेरी बनायी जाएगी। इस तरह प्रथम चरण में कुल 220 लाइब्रेरी बनाए जाने का खाका खींचा गया है। इसका निर्माण मनरेगा के बजट से किया जाएगा। इन्हें इंटरनेट की सुविधा से भी लैस किया जाएगा। इसका संचालन ग्राम पंचायतें करेंगी और लाइब्रेरी गांव के सभी लोगों के लिए खुली रहेगी।

मुख्य विकास अधिकारी अनीता यादव ने इसके निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देश के तहत गांवों में कम से कम एक खेल का मैदान, बच्चों के पार्क की जरूरत होती है। कोशिश की जा रही है कि हर गांव में खेल के मैदान व बच्चों के पार्क जरूर हों। इसके अलावा ग्रामीणों के लिए एक लाइब्रेरी भी जरूरी है। शुरू में हर ब्लॉक से बीस-बीस गांवों का चयन कर लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। बाद में अन्य गांवों में भी इसका निर्माण कराया जाएगा। पंचायती राज विभाग की देखरेख में इसका निर्माण मनरेगा के बजट से किया जाएगा। 

लाइब्रेरी में युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किताबों की व्यवस्था भी करायी जाएगी और अन्य उपयोगी किताबें भी मौजूद रहेंगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले गांव के बच्चों को इससे काफी सहूलियत मिलेगी। सीडीओ द्वारा जारी निर्देश के तहत खंड विकास अधिकारियों को गांवों को चिन्हित कर वहां भूमि की उपलब्धता की रिपोर्ट इसी माह के अंतिम सप्ताह तक देनी होगी।

संबंधित समाचार