अयोध्या: वोटर लिस्ट फाइनल, अब आरक्षण का पिटारा खुलने का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेयर पद हो या पार्षद के दावेदार, सभी बना रहे जनता से बात और व्यवहार

अयोध्या, अमृत विचार। निकाय चुनाव 2022 की डुगडुबी बजने वाली है। निकाय चुनाव क्षेत्रों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी हो चुका है। अब आरक्षण का पिटारा खुलने का इंतजार है। नगर निगम अयोध्या के लिए मेयर हो या पार्षद पद के दावेदार। सबके ख्वाब और अरमान आरक्षण पर निर्भर है। कोई साल भर से वार्डों में सक्रिय है और कोई मेयर पद पर चुनाव लड़ने के पहले समाज सेवा की गाड़ी दौड़ा रहा है। कोई यह सोच रहा कि महिला सीट हुई तो मां, भाभी या पत्नी को पार्षदी लड़ाएंगे, वरना हम तो तैयार हैं। फिलहाल सभी की सांसें आरक्षण के इंतजार में थमी हुई हैं। माना जा रहा है कि 21 या 22 नवम्बर को आरक्षण की सूची शासन से जारी हो जाएगी। 

नगर निगम अयोध्या का यह दूसरा चुनाव होगा। इसके पहले 2017 में नगर निगम का पहला चुनाव हुआ था। इस बार भी 60 वार्डों में चुनाव होने जा रहे हैं। हालांकि अभी मेयर व पार्षदों का आरक्षण नहीं आया है। बावजूद इसके मौजूदा समय में मेयर पद को लेकर जहां भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस में दावेदारों ने टिकट प्राप्त करने के लिए अपनी पार्टी के कद्दावर नेताओं की गणेश परिक्रमा शुरू कर दी है। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों से वार्डों में पार्षद का चुनाव लड़ने वालों की भी लम्बी फौज खड़ी हो रही है। 

भाजपा से मेयर पद को लेकर टिकट पाने की लाइन में कई भाजपा नेता भी खडे हैं। वहीं पार्षद का टिकट पाने के लिए भी सभी राजनीतिक दलों में हलचल बढ़ गयी है। गली-मोहल्लों में दावेदार अपने-अपने तरीके से जनता के बीच पहुंच रहे हैं। लोगों से बातें कर उनका मन टटोलने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों से अच्छा व्यवहार बना रहे हैं जिससे वे चुनाव मैदान में उतरें तो चुनाव के समय उन्हें समीकरण बैठाने और वोटर मांगने में आसानी हो सके। बहरहाल सभी दावेदारों में वार्डों के आरक्षण को लेकर बेचैनी बढ़ी हुई है। माना जा रहा है कि आरक्षण की घोषणा होते ही सभी राजनीतिक दलों के पत्ते खुलने लगेंगे और पार्टी दफ्तरों के साथ वार्डों में भी चुनाव धमा चौकड़ी तेज हो जाएगी। 


अवधपुरी वार्ड में एक बूथ पर मतदाता 1500 के पार
निर्वाचन विभाग की ओर से अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद नगर निगम क्षेत्र में 3 लाख 19 हजार 679 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 68 हजार 379 पुरूष व 1 लाख 51 हजार 388 महिला मतदाता शामिल हैं। नगर निगम के वार्ड सं. 52 लक्ष्मण घाट के बूथ सं. 244 में सबसे कम 351 मतदाता हैं। लेकिन वार्ड संख्या 36 अवधपुरी वार्ड के मतदान केन्द्र नं. 165 ड्राइविंग ट्रेनिंग एण्ड टेस्टिंग इंस्टीट्यूट उदया चौराहा में मदाताओं की संख्या 1500 के पार हो गयी है। इस केन्द्र के एक बूथ पर जहां कुल 1650 मतदाता हैं जिसमें से 864 पुरूष व 786 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं इसी केन्द्र के दूसरे बूथ पर कुल 1556 मतदाता हैं जिसमें 780 पुरूष व 776 महिला वोटर शामिल हैं।

संबंधित समाचार