संभल: अलीगढ़-मुरादाबाद पैसेंजर में जहरखुरानों ने मजदूर को लूटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली के रामगंगा टांडा का रहने वाला है पीड़ित, अलीगढ़ से जा रहा था घर

चन्दौसी/संभल, अमृत विचार। जहरखुरानी गिरोह ने अलीगढ़ से बरेली घर जा रहे मजदूर को अलीगढ़-मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन में अपना शिकार बना लिया और  बेहोशी की हालत में छोड़कर बैग, मोबाइल समेत अन्य सामान लूट ले गए। ट्रेन रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो आरपीएफ को उसके बेहोश होने की जानकारी हुई। पीड़ित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे परिजन उसे अपने साथ ले गए।
  
शुक्रवार रात गिरोह ने अलीगढ़ मुरादाबाद पैसेंजर में बरेली के रामगंगा टांडा निवासी युवक अमन पुत्र शमशाद को अपना शिकार बनाया और उसका सामान लूट कर ले गए। चन्दौसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद लोगों ने  मजदूर के बेहोश होने की जानकारी आरपीएफ को दी। सिपाहियों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दोपहर में होश आने पर आरपीएफ ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

 परिजनों ने बताया कि अमन अलीगढ़ में रहकर मजदूरी करता है और शनिवार को वह घर आ रहा था। अमन ने बताया कि अलीगढ़ से ट्रेन चलने के बाद पास में बैठे यात्री ने उसको चाय पिलाई। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ उसको कुछ पता नहीं, जब हल्का होश आया तो वह अस्पताल में था और उसके पास से मोबाइल, पर्स, कपड़े का बैग आदि सामान गायब था।

जहरखुरानी के शिकार वृद्ध की हो चुकी है मृत्यु
चन्दौसी। शुक्रवार को भी जहर खुरानी गिरोह के सदस्यों ने एक वृद्ध को अपना शिकार बनाया था। सामान लूट कर उसको बहजोई रोड माडल लॉ कालेज के पास बेहोशी की हालत में छोड़ गए थे। राहगीरों ने उसको सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वृद्ध के पास ऐसा कुछ भी नहीं था जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने अज्ञात में पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: अंडर-25 वनडे क्रिकेट स्टेट टीम में आदित्य का चयन

संबंधित समाचार