बरेली: कमीशन के खेल में फंसे वरिष्ठ सहायक, शासन ने मांगा जवाब
एक माह पहले एनएचएम का पटल देख रहे वरिष्ठ सहायक और एक ठेकेदार का कमीशन से संबंधित ऑडियो हुआ था वायरल
स्वास्थ्य विभाग में कमीशनबाजी का खेल चल रहा है। पिछले कुछ समय में कई मामले सामने आ चुके हैं। बीते माह ठेकेदारों का बिल निकालने के
बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग में कमीशनबाजी का खेल चल रहा है। पिछले कुछ समय में कई मामले सामने आ चुके हैं। बीते माह ठेकेदारों का बिल निकालने के लिए 40 फीसदी कमीशन मांगने का आडियो वायरल होने के बाद अब शासन ने मामले की जांच शुरू कराई है। निदेशक प्रशासन ने एडी हेल्थ को मामले की जांच कर 15 दिन में रिपोर्ट देने को कहा है। इससे सीएमओ कार्यालय में खलबली मची हुई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: 300 बेड अस्पताल में शुरू होंगे तीन नए विभाग, मिलेगा स्टाफ
एडी हेल्थ कार्यालय में निदेशक प्रशासन डा. राजागणपति आर ने पत्र भेजा है। पत्र के अनुसार सीएमओ कार्यालय में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ( एनएचएम) का प्रभार देख रहे वरिष्ठ सहायक शैलेंद्र सक्सेना की शिकायत शासन तक पहुंची है।आरोप है कि एनएचएम के बिलों का भुगतान करने के लिए ठेकेदारों से 40 प्रतिशत कमीशन मांगा जा रहा है। कमीशन नहीं देने पर बिलों का भुगतान नहीं हो रहा है। एनएचएम में कमीशनबाजी के इस खेल का वीडियो व आडियो भी वायरल हो चुका है। इसमें ठेकेदार से कहा जा रहा है कि प्रिंटिंग में 10 प्रतिशत पर भुगतान नहीं होगा। कम से कम 40 प्रतिशत कमीशन देना होगा। आडियो-वीडियो विभाग के अधिकारियों ने भी देखा है। निदेशक प्रशासन ने इस पूरे प्रकरण की जांच एडी हेल्थ को करने को कहा है। 15 दिन में स्पष्ट आख्या देने के निर्देश दिए हैं।
जांच करते रहो, कार्रवाई नहीं
स्वास्थ्य विभाग में बीते कई माह से तमाम मामले उजागर हो चुके हैं। उच्चाधिकारियों की ओर से मामले की जांच कराने के आदेश तो दिए जा रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। इससे पहले 300 बेड अस्पताल में 471 लाख रुपये के सामान खरीदने व सीएमओ कार्यालय के एक अन्य वरिष्ठ सहायक के वायरल वीडियो की भी जांच हुई। मामले में क्या कार्रवाई, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है।
निदेशक प्रशासन की ओर से पत्र भेजकर प्रकरण में सीएमओ कार्यालय के वरिष्ठ सहायक शैलेंद्र सक्सेना की जांच कर रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। आदेश के अनुपालन में संयुक्त निदेशकों की दो सदस्यीय टीम का गठन कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद शासन को भेजी जाएगी- डा. दीपक ओहरी, एडी हेल्थ।
ये भी पढ़ें- बरेली: 21 से 27 नवंबर तक आयोजित होगा श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ, इस दिन निकलेगी कलश यात्रा
