मुरादाबाद: मतदाता सूची प्रकाशन के बाद बढ़ी चुनावी हलचल
कार्यालयों पर मतदाता सूची देखने और उसकी प्रति लेने जुटे भावी प्रत्याशी
मुरादाबाद, अमृत विचार। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद नगर निकाय चुनाव की हलचल बढ़ गई है। शनिवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय पर चस्पा सूची देखने और उसकी प्रति लेने के लिए दावेदार और उनके समर्थक पहुंचे। अब पार्षदों और महापौर के अलावा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष, नगर पंचायत के चेयरमैन आदि के सीटों पर आरक्षण पर शासन की मुहर का इंतजार है।
निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक तंत्र भी हरकत में है। वहीं मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद भावी प्रत्याशी और उनके समर्थकों में हलचल बढ़ गई है। सूची जारी होने के बाद वोटों का गुणा गणित लगाकर दावेदार क्षेत्र में निकलने लगे हैं। हालांकि असल दारोमदार सीटों का आरक्षण जारी होने पर है। निकायों के चेयरमैन, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष, वार्डों के पार्षद और सभासदों की सीटों के आरक्षण की तस्वीर अभी साफ न होने से बहुत से दावेदार मतदाताओं से सुबह शाम मिलकर हाल चाल तो पूछ रहे हैं लेकिन अपने राजनीतिक गुरुओं को भी सीधा आभास नहीं होने दे रहे हैं कि वह निश्चित रूप से चुनाव लड़ेंगे हीं।
आरक्षण की सूची जारी होने पर दावेदार खुलकर चुनावी मैदान में आ जाएंगे। सबसे अधिक चर्चा नगर निगम में महापौर सीट के आरक्षण को लेकर है। भाजपा में ही अंदरखाने कई दावेदार तलवार की धार तेज करने में लगे हैं। कई दिग्गज तो ऐसे हैं जो इस फेर में हैं कि यदि उनके मनमाफिक आरक्षण और पार्टी का टिकट नहीं मिला तो वह अपने धुर विरोधी की भी लुटिया हर हाल में डुबाएंगे, भले ही इसका फायदा किसी तीसरे-चौथे को मिल जाए।
सपा में महापौर के 36 दावेदार
वहीं सपा के निकाय चुनाव के प्रभारियों ने भी यहां बैठक कर दावेदारों से आवेदन लिया था। इसमें कुल 36 चेहरों ने आवेदन किया था। इनके बीच से किसे पार्टी का साथ मिलेगा यह देखना होगा।
जिसके पास कमल निशान वही हमारा पहलवान
भाजपा के नगर निगम चुनाव के प्रभारी आगरा के विधायक पुरुषोत्तम अग्रवाल सह प्रभारी के साथ तीन बैठक कर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जीत के लिए ईमानदारी व निष्ठा से जुटने के लिए कहा था। उन्होंने साफ संदेश दिया था कि जिसके पास कमल निशान वही हमारा पहलवान। इसी सूत्र पर सभी दल के प्रत्याशी को जिताने का काम करेंगे।
पार्टी की नीतियों के आधार पर चुनाव में जुटें
कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भी शुक्रवार को मिशन कंपांउड में बैठक कर मंडल के पांचों जिलों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष व विभिन्न विंग के पदाधिकारियों को ऊर्जा प्रदान की। पार्टी की नीतियों के आधार पर चुनाव में जुटने का उन्होंने आह्वान किया था।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : भारत जोड़ो यात्रा में कदमताल करेंगे किसान
