मुरादाबाद : भारत जोड़ो यात्रा में कदमताल करेंगे किसान
भाकियू ने यात्रा संयोजक संग बैठक के बाद तेज की तैयारी
आशुतोष मिश्र/ मुरादाबाद, अमृत विचार। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को यूपी, हरियाणा और राजस्थान में प्रभावी बनाने में नियंता जुट गए हैं। दिल्ली में यात्रा के संयोजक पार्टी के पूर्व महासचिव दिग्विजय सिंह, सेवानिवृत आईएएस और पूर्व सांसद उदित राज और भारतीय किसान यूनियन असली की कोर कमेटी की बैठक में इसका ऐलान हो चुका है। तीनों राज्यों में संगठन से जुड़े लोग यात्रा में कदमताल करेंगे। यूनियन की सफाई यह है कि हम कांग्रेस के चुनावी एजेंडे का हिस्सा नहीं बनेंगे। किसानों के सवाल पर राहुल गांधी के इस पहल में हिस्सेदारी निभाएंगे।
- निर्णय को प्रभावी बनाने में जुटे संगठन के पदािधकारी
- जनवरी से पहले तीनों के राज्यों के यूनियन सदस्य बढाएंगे हिस्सेदारी
कांग्रेसियों और भाकियू असली की साझा बैठक के बाद किसानों को भारत जोड़ो यात्रा में साथ देने की पहल को अमलीजामा पहनाने में किसान यूनियन के सदस्य जुट गए हैं। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रबल प्रताप शाही संगठन के पदाधिकारियों के साथ मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म से इस निर्णय के प्रभावी क्रियान्वयन में जुट गए हैं। उन्होंने दिल्ली की उच्च स्तरीय बैठक के निर्णय के प्रचार-प्रसार की कमान संभाल ली है। यानी की जनवरी माह के पहले तीनों राज्यों के यूनियन के सदस्यों ने समन्वय बनाकर संगठन यात्रा में किसानों की हिस्सेदारी प्रभावी बनाने में जोर लगाएंगे।
जिला मुख्यालय पर बातचीत में भाकियू (असली) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह आरोप लगाते हैं कि केंद्र और यूपी सरकार की नीतियों से किसानों का भला नहीं होने वाला है। क्योंकि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियां किसानों को गुलाम बनाने वाली हैं। तर्क देते है कि किसानों की जमीन छीनने के लिए भूमि अधिग्रहण संशोधन हेतु अध्यादेश लाया गया।
साल 2020 में तीन कृषि कानून लाकर किसानों को भूमिहीन बनाने और इनकी जमीन कारपोरेट घरानों को देने की कोशिश की गयी। अभी बिजली संशोधन बिल संसद में पेश होना है। जबकि नये बीज का कानून किसानों को बर्बाद करने की कवायद है। कहते हैं कि देश में डर, भय और नफरत का माहौल पैदा किया जा रहा है। इसलिए राहुल गांधी नेतृत्व की भारत जोड़ो यात्रा को हमारा समर्थन है। हम उत्तर प्रदेश में यात्रा का ताकत के साथ स्वागत करेंगे। संगठन यूपी के साथ हरियाणा और राजस्थान में हजारों किसानों के साथ यात्रा में शामिल होगा।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: एसएसपी की नाक के नीचे से फरियादी की साइकिल ले उड़े चोर
