मुरादाबाद: फंदे से झूलकर कंप्यूटर शिक्षिका ने की खुदकशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र स्थित नया मुरादाबाद में रविवार को 25 वर्षीय कंप्यूटर शिक्षिका का शव बंद कमरे में फंदे से लटका मिला। शिक्षिका मूलरूप से अमरोहा की रहने वाली थी। मझोला पुलिस खुदकुशी के कारणों की तलाश में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिक्षिका की मौत का कारण फंदे पर झूलना बताया गया है। 

  •  बंद कमरे में मिला शव, दुर्गंध उठने पर दूधिए ने दी पुलिस को सूचना 
  • आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी मझोला पुलिस  

अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र स्थित ड्योढी कासमपुर जट निवासी चरन सिंह वाहन चालक हैं। उनकी 25 वर्षीय पुत्री काजल कंप्यूटर शिक्षक थी। वह मझोला थाना क्षेत्र स्थित नया मुरादाबाद के सेक्टर 13 में किराए के कमरे में रहती थी और एक शिक्षण संस्थान में कंप्यूटर की शिक्षा देती थी। काजल की मां सुनीता के अनुसार दो दिनों से उनकी बात बेटी से नहीं हो पा रही थी।

बार-बार कॉल करने के बाद भी बेटी का जवाब नहीं मिला तो उन्होंने गांव के दूधिया को बेटी का हालचाल जानने भेजा। रविवार दोपहर दूधिया नया मुरादाबाद के सेक्टर नंबर 13 पहुंचा। काजल के कमरे के पास जाते ही दूधिया के होश उड़ गए। कमरे से सड़ांध आ रही थी। दूधिया ने रोशनदान से कमरे में झांका तो देखा कि काजल का शव फंदे से लटका था। उसने घटना की जानकारी पहले काजल के परिजनों को और फिर मझोला पुलिस को दी। 

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया , सीओ सिविल लाइन अनूप कुमार व मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा तोड़कर काजल का शव कब्जे में ले लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। एसपी सिटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। उधर देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में काजल की मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग की भी चर्चा है। हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: मतदाता सूची प्रकाशन के बाद बढ़ी चुनावी हलचल

संबंधित समाचार