बांदा : जनता की सुनी समस्याएं, निस्तारण का दिया भरोसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वार्ड भ्रमण भाजपा सरकारों का कर किया गुणगान

अमृत विचार, बांदा। नगर निकाय चुनाव को लेकर आम जनमानस को भाजपा से जोड़ने की चलाई जा रही मुहिम के तहत भाजपा महिला मोर्चा ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र के कटरा, नोनिया मोहाल, छाबी तालाब क्षेत्र का भ्रमण करते हुए भाजपा सरकारों की उपलब्धियों को गुणगान किया। लोगों की समस्याएं सुनकर निराकरण का भरोसा दिलाया।

प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपाई हर घर जनसंपर्क अभियान के तहत नगर निकाय चुनाव में लोगों को पार्टी से जोड़ने की मुहिम चलाई जा रही है।

इसी के तहत शवार को भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ नगर पालिका के वार्ड नंबर-12 (कटरा पश्चिमी) के छाबी तालाब, नोनिया मोहाल, मरही माता, किरन कालेज चौराहा, कंधरदास तालाब आदि क्षेत्र में घर घर जनसंपर्क अभियान चलाकर मोदी-योगी सरकारों का गुणगान किया।

बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में 40 लाख से अधिक व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 90,255 आवासों का निर्माण कराया जा चुका है। महिलाओं को धुआं रहित रसोई देने के लिए उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलिंडर लाभार्थियों को प्रदान किए जा रहे हैं। बालिकाओं के लिए कन्या समृद्धि, सुकन्या योजना समेत तमाम योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

वहीं मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जोड़ने के लिए अभूतपूर्व कार्य किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता ने बताया कि जिला मुख्यालयों को 24 घंटे व तहसील मुख्यालय को 22 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 20 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है।

हर घर नल योजना के अंतर्गत 30,000 ग्राम पंचायतों में शुद्ध पेयजल की योजना पूरी होने के बाद लोगों को इसका लाभ मिलेगा। देश और प्रदेश की कानून व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित हैं। इस मौके पर सभासद नीरज त्रिपाठी बबलू, रूपा चौहान, रुकमणि गुप्ता, हीरा गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

 

संबंधित समाचार