संभल: पड़ोसी के घर में मिला दूधिया का शव, दो हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, मोहल्ला कुरैशियान की घटना, नमाज पढ़ने के लिए गया था, कुछ देर में ही मिली मौत की सूचना

चन्दौसी (संभल), अमृत विचार। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुरैशियान में रविवार सुबह दूधिया का शव पड़ोसी के घर में मिला। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
 
रविवार सुबह छह बजे पुलिस को मोहल्ला कुरैशियान स्थित एक घर में युवक के घायल होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को सरकारी अस्पताल ले आई, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि दानिश (26) पुत्र बाबू दूध का कारोबार करता था। मृतक के बड़े भाई आदिल हसन का कबना है कि दानिश रविवार सुबह पांच बजे घर से नमाज पढ़ने के लिए गया था।

 लेकिन छह बजे करीब उसकी मौत की सूचना मिली। उनका कहना है कि उन्हें नहीं मालूम कि वह कैसे और क्यों पड़ोसी के घर पहुंचा। दानिश के सिर के पिछले हिस्से में चोट लगी थी। परिजनों ने पड़ोसियों पर दानिश की हत्या आरोप लगाया। उसकी मौत की खबर से कुछ ही देर में मोहल्ले में भीड़ जुट गई। लोग अस्पताल और कोतवाली भी पहुंच गए। मृतक के भाई आदिल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया। आरोपी युवकों ने बताया कि सुबह उनका बड़ा भाई मंडी के लिए गया था, जबकि छोटा घर पर ही था। 

इस दौरान जीने पर किसी की आवाज सुनाई दी। छोटा भाई मौके पर पहुंचा तो दानिश गिरा पड़ा था। उसके सिर में चोट लगी हुई थी। आरोपी युवक ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के संबंध में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

ये भी पढ़ें:- संभल: भाकियू असली ने जलाई गन्ने की होली, भुगतान को लेकर किसानों में रोष

संबंधित समाचार