लखनऊ : भाजपा ने निकाय चुनाव को लेकर सरकार और संगठन ने पश्चिम से की शुरूआत
अमृत विचार, लखनऊ। प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले भाजपा की सरकार और संगठन दोनों ने मिलकर चुनाव में पार्टी का परचम लहराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इसकी शुरूआत प्रदेश के पश्चिम जिलों से की गई है।
एक तरफ रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी मेरठ में निकाय चुनाव जीतने को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक् कर रहे थे। वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ सहारनपुर से पश्चिम से पलायन और दंगों से मुक्त कराने की बात करके वहां निवेश से मिले रोजगार का जिक्र कर रहे थे। वे हिंदुत्व के सहारे मतदाताओं को साथ लेते नजर आए।
नगर निकाय चुनावों को भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल मान रही है। इसीलिए सरकार और संगठन दोनों को चुनाव में लगाया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से लेकर पार्टी के पदाधिकारियों को चुनाव की अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पश्चिम के मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली बागपत सरीखे शहरों के लगातार प्रवास पर हैं। वहां दोनों पदाधिकारी निकाय चुनाव जीतने की रणनीति पर मंथन कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एक साथ पश्चिम में सभाएं करेंगे। इसके लिए कार्यक्रम अभी से बनाए जा रहे हैं।
