अभिनेता तुषार कपूर के खिलाफ चालान करेगी लखनऊ ट्रैफिक पुलिस
फिल्म मारीच के प्रमोशन के लिए पहुंचे अभिनेता ने लखनऊ की सड़कों पर बिना हेलमेट पहने दौड़ाई बाइक
अमृत विचार, लखनऊ। यातायात नियमों के उल्लंघन के मद में लखनऊ ट्रैफिक पुलिस जल्द ही बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर के खिलाफ चालान जारी करेगी। इसके लिए आईटीएमएस के सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।
विदित हो कि फिल्म मारीच के प्रमोशन के लिए राजधानी लखनऊ पहुंचे अभिनेता तुषार कपूर की शहर की सड़कों पर बिना हेलमेट पहने बाइक पर फर्राटा भरते दिखाई दिये। इसकी फोटा और वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रही है।
मामला संज्ञान में आते ही लखनऊ पुलिस के उच्चाधिकारियों ने इसे काफी गंभीरता से लिया है। ट्रैफिक पुलिस को अभिनेता तुषार कपूर के खिलाफ बिना हेलमेट पहन कर वाहन चलाने के आरोप में मोटर व्हीकल अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत चालान जारी करने का आदेश दिया गया है।
फिल्म अभिनेता वरुण का भी कटा था चालान
विदित हो कि इससे पूर्व लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने फिल्म अभिनेता वरुण धवन का भी यातायात नियमों के उल्लंघन के मद में चालान काटा था। दरअसल अपनी फिल्म बवाल की शूटिंग के लिए लखनऊ पहुंचे फिल्म अभिनेता वरुण धवन भी गत 30 अप्रैल 2022 को शहर की सड़कों पर बिना हेलमेट बुलेट चलाते दिखे थे।
इस सम्बन्ध में संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया ने बताया कि फिल्म अभिनेता तुषार कपूर की लखनऊ के सड़कों पर बिना हेलमेट पहने बाइक चलाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जांच के बाद मामला सत्य पाया गया है। ट्रैफिक पुलिस को अभिनेता तुषार कपूर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में चालान करने का आदेश दिया गया है।
-
