मुरादाबाद : बजरंग दल ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
बजरंग दल ने मांग की कि अवैध धार्मिक स्थल को अभिलंब हटाया जाये। जो भी लोग इस कृत्य में दोषी है और माहौल खराब करना चाहते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाये।
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर छजलैट थाना क्षेत्र में धार्मिक स्थल का निर्माण अवैध रूप से कराने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को सौंपे गए ज्ञापन में प्रांत अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने कहा छजलैट थाना क्षेत्र गांव जमालपुर में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से धार्मिक स्थल का निर्माण करा लिया गया है। जिसमें कई बार एसएसपी से शिकायत भी की गई है। इस मामले में एसडीएम व एसपी ग्रामीण द्वारा मौके का दौरा भी किया गया। जिसमें यह बात साबित भी हुई है गांव जमालपुर में किसी भी धार्मिक स्थल निर्माण की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बाद भी कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें प्रशासन व पुलिस अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बजरंग दल ने मांग की कि अवैध धार्मिक स्थल को अभिलंब हटाया जाये। जो भी लोग इस कृत्य में दोषी है और माहौल खराब करना चाहते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाये। जिन अधिकारियों के संरक्षण में धार्मिक स्थल का निर्माण कराया गया है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञापन देने वालों में प्रांत अध्यक्ष रोहन सक्सेना, महामंत्री अमित अग्रवाल, ओमप्रकाश, हरिराज सिंह, सतपाल, प्रीतम सिंह व खजान सिंह शामिल रहे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : निकाह की जिद पर अड़ी मां की डांट से क्षुब्ध किशोरी, मनाने के प्रयास में जुटी पुलिस
