अयोध्या : 2093 क्षय रोगियों के लिए गोद की तलाश  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अब तक सिर्फ 298 रोगियों को लिया गया गोद, 2940 क्षय रोगियों में से 2391 रोगियों ने गोद लिए जाने की जताई सहमति

अमृत विचार, अयोध्या। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर शुरू हुई नि:क्षय मित्र योजना के तहत क्षय रोगियों को गोद लेने वालों की तलाश है। योजना के तहत अभी तक सिर्फ 298 क्षय रोगियों को ही गोद नसीब हो सकी है, जबकि 2093 क्षय रोगियों अभी तक सहारा नहीं मिला है।

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की स्थिति पर नजर डालें तो जिले 13 टीबी यूनिटों में कुल 2940 क्षय रोगियों का उपचार चल रहा है। कुल 94 क्षय रोगियों को छोड़कर 2391 क्षय रोगियों ने गोद लिए जाने की सहमति जताई है। 

जिला कार्यक्रम समन्वयक अनंत प्रताप सिंह का कहना है कि नि:क्षय मित्र योजना के तहत क्षय रोगियों को गोद लिए जाने के लिए लोगों संपर्क किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 202 नि:क्षय मित्र रजिस्टर्ड हुए हैं, जिसमें से 115 नि:क्षय मित्रों ने टीबी मरीजों को गोद लिया है। उन्होंने बताया कि नि:क्षय पोषण योजना के तहत कोई व्यक्ति क्षय रोगियों को गोद ले सकता है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत गोद लेने वाले व्यक्ति को क्षय रोगियों को 6 महीने तक पोषण आहार देना है। 

गोद लेने में स्वास्थ्य अफसरों ने दिखाई रुचि 

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत क्षय रोगियों को गोद लिए जाने के मामले में स्वास्थ्य महकमा के अफसरों ने रुचि दिखाई है। जिला कार्यक्रम समन्वयक अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि 298 रोगियों में से सिर्फ स्वास्थ्य अफसरों ने ही 25 क्षय रोगियों को गोद लिया है, जिसमें अपर निदेशक स्वास्थ्य ने 5 मरीज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 10, डीटीओ ने 10 क्षय रोगियों को गोद लिया है, इसके लिए अलावा मसौधा शुगर मिल ने 18 व तीन एनजीओ अब तक 70 क्षय रोगियों को गोद लिया है।  

जिला कार्यक्रम समन्वयक अनंत प्रताप सिंह के मुताबिक, नि:क्षय मित्र योजना एक स्वैच्छिक योजना है, इसके तहत कोई भी व्यक्ति क्षय रोगियों को गोद ले सकता है। क्षय रोगियों के गोद लिए जाने को लेकर पत्राचार और अन्य संसाधनों के माध्यम से लोगों से संपर्क किया जा रहा है। लोगों से अपील है कि ज्यादा से ज्यादा लोग नि:क्षय मित्र बनकर क्षय रोगियों को गोद लें ताकि 2025 तक भारत टीबी मुक्त हो सके। 


संबंधित समाचार