अयोध्या : मॉरीशस के राष्ट्रपति ने पत्नी संग रामलला दरबार में नवाया शीश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पृथ्वीराज सिंह रूपन ने मंदिर निर्माण का किया अवलोकन, नौकाविहार का भी उठाया लुत्फ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन में भी किया दर्शन पूजन

अमृत विचार, अयोध्या। मॉरीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन व उनकी पत्नी संयुक्ता रूपन का आयोध्या पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने पत्नी संग सबसे पहले श्री रामलला दरबार में शीष नवाया। दर्शन पूजन व रामलला की आरती उतारने के बाद मंदिर निर्माण के कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन किया। हनुमानगढ़ी, कनक भवन में दर्शन पूजन के साथ राम की पैड़ी स्थल का अवलोकन व भ्रमण के साथ नौकाविहार का भी लुत्फ उठाया।

सुबह 9:30 बजे के करीब मॉरीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन अपनी पत्नी व 7 सदस्यों के डेलीगेशन के साथ अयोध्या पहुंचे। उनके साथ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष एवं खाद्य सुरक्षा दयाशंकर मिश्र दयालु भी थे। अयोध्या पहुंचने पर राष्ट्रपति का सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायकगण वेदप्रकाश गुप्ता, रामचन्द्र यादव, ने भव्य स्वागत किया।

इस दौरान मंडलायुक्त नवदीप रिनवा, डीआईजी अमरेन्द्र प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी प्रशान्त वर्मा, अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल सहित भाजपा महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र भी उपस्थित रहे। रामलला का दर्शन करने के उपरांत मंदिर निर्माण कार्यों में जुटे इंजीनियरों से कुछ तकनीकी जानकारियां भी लीं।

श्री सिंह अन्तरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में भगवान राम से जुड़ी विथिका का अवलोकन करने भी पहुंचे। इसके बाद सरयू होटल (यात्री निवास) में सांसद, विधायक गण व जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा राष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट की गई। इस दौरान राष्ट्रपति श्री सिंह को राम मंदिर का मॉडल व लता मंगेशकर चौक में लगाई गई वीणा को भेंट किया गया। कुछ देर आराम करने के पश्चात वह लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए। 

मॉरीशस में भी बनाते हैं रामनवमी 

अयोध्या पहुंचे मॉरीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपम ने खुद को धन्य बताया। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि प्रभु श्रीराम हमको अयोध्या बुलाए। यह अवसर सबके भाग्य में नहीं रहता। उन्होंने कहा कि भारत की तरह मॉरीशस में भी रामनवमी, शिवरात्रि, होली और दुर्गा पूजा, दशहरा मनाया जाता है।

श्री सिंह ने कहा कि हम पहले प्रयागराज और वाराणसी भी गए हैं। साउथ में भी गए है।ं मुंबई के सिद्धिविनायक में भी दर्शन पूजन किया, जहां से प्रभु का बुलावा आता है हम हर उस दरबार में जाते हैं।

संबंधित समाचार