अयोध्या :  झुका महाविद्यालय प्रशासन, साकेत छात्रसंघ चुनाव 12 दिसंबर को

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चुनाव न कराए जाने पर छात्र नेताओं ने रोड जाम कर किया प्रदर्शन

अमृत विचार, अयोध्या। छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित न किए जाने को लेकर सोमवार को साकेत महाविद्यालय के एबीवीपी के छात्र सड़क पर उतर आए। महाविद्यालय के सामने रोड जाम कर प्रदर्शन करने लगे। नाराज छात्रों का प्रदर्शन देख महाविद्यालय प्रशासन बैकफुट पर आ गया।

इसके बाद जिला प्रशासन से वार्ता कर महाविद्यालय प्रशासन ने साकेत में छात्रसंघ चुनाव कराए जाने की तिथि का ऐलान कर दिया। अब 12 दिसंबर को साकेत महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव होना निश्चित हुआ है।    इससे पहले निर्धारित समय में छात्रसंघ चुनाव न कराए जाने को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने जमकर नारेबाजी की।

छात्रों का बढ़ता आक्रोश देखते हुए साकेत महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र नेताओं ने उनकी एक न सुनी और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन से साकेत महाविद्यालय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। साकेत महाविद्यालय प्रशासन ने मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी।

जिला प्रशासन से हुई वार्ता व साकेत महाविद्यालय प्रशासन की ओर से 12 दिसंबर को छात्रसंघ चुनाव कराने के लिखित आश्वासन के बाद छात्र नेताओं का आक्रोश शांत हो गया। विद्यार्थी परिषद के अंकुर ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रहित में ही होता है। 

चुनाव का पूरा विवरण एक दो दिन में प्रशासन को भेजा जाएगा

साकेत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अभय सिंह का कहना है कि छात्र संघ चुनाव को लेकर मांग के बाद जिला प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराए जाने के लिए पत्र भेज दिया गया था, लेकिन प्रशासन के द्वारा किसी भी प्रकार से जवाब न होने के कारण अभी तक चुनाव कराए जाने पर निर्णय नहीं लिया जा सका था।

इसकी जानकारी जब उन्हें बताई गई तो वह साकेत महाविद्यालय से मुदार्बाद के नारे लगाते हुए सड़क पर जाकर बैठ गए, जिसके बाद जिला प्रशासन से बातचीत के बाद 7 दिसंबर से 12 दिसंबर के बीच चुनाव कराए जाने के आश्वासन पर छात्र शांत हुए। साकेत महाविद्यालय में 12 दिसंबर को चुनाव कराया जा सकता है। संपूर्ण विवरण प्रशासन को एक-दो दिन में भेज दिया जाएगा।

निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष आभास कृष्ण यादव कान्हा ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव के जरिए ही छात्र एमपी-एमएलए का सफर तय करते हैं और एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण योगदान देते हैं। चुनाव कराना बहुत जरूरी है। पहले 5 दिसंबर को चुनाव कराने के लिए मौखिक आश्वासन मिला था। अब 12 दिसंबर को चुनाव कराने को कह रहे हैं, लेकिन प्रधानाचार्य की नीयत साफ नहीं लग रही है। क्योंकि दिसंबर में निकाय चुनाव की तिथियां आ जाएंगी। कहीं महाविद्यालय प्रशासन एक बार फिर से चुनाव न टाल दे।

संबंधित समाचार