अयोध्या : काशी-तमिल संगमम के अतिथियों का रामनगरी में वणक्कम
अमृत विचार, अयोध्या। काशी-तमिल संगमम के अतिथियों का पहला जत्था सोमवार रात 9 बजे के करीब अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। बसों से उतरते हुए अतिथियों का वणक्कम (स्वागत) सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय द्वारा अवधपुरी में ढोल नगाड़े, मंत्रोच्चार और फूल-मालाओं के साथ किया गया। सभी अतिथियों ने एक स्वर में जय श्रीराम के जयकारे लगाए तो पूरा स्टेशन परिसर राममय लगने लगा था।
पहली टोली में आये 216 अथितियों के स्वागत के लिए नए स्टेशन परिसर में मंच बनाया गया था। स्वागत करने वालों में कमिश्नर नवदीप रिणवा, जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी प्रशान्त वर्मा व भाजपा के जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे। यहां से सभी अतिथि रात्रि विश्राम के लिए होटल में चले गए।
यहां करेंगे दर्शन पूजन
अथितिगण श्रीराम जन्मभूमि, हनुमानगढ़ी, सरयू आरती स्थल, दीपोत्सव स्थल आदि अन्य मंदिरों में दर्शन पूजन करेंगे और दूसरे दिन अयोध्या रेलवे स्टेशन से ही प्रस्थान कर जाएंगे। अयोध्या भ्रमण के कार्यक्रम 17 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें प्रत्येक दिन 216 अतिथि आएंगे।
