बरेली: निकाय चुनाव की अधिसूचना के साथ ही जारी होगा आरक्षण, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी जानकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ की ट्रेन लेट होने पर बरेली पहुंचे भूपेंद्र सिंह चौधरी आधे घंटे सर्किट हाउस में रुके

नगर निकाय चुनाव में मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष समेत पार्षद व सभासद पदों पर आरक्षण अभी तक घोषित नहीं हुआ है। सभी राजनीतिक दल आरक्षण

बरेली, अमृत विचारनगर निकाय चुनाव में मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष समेत पार्षद व सभासद पदों पर आरक्षण अभी तक घोषित नहीं हुआ है। सभी राजनीतिक दल आरक्षण के इंतजार में हैं। इसके जारी होते ही पदों पर प्रत्याशी चयन की तस्वीर भी स्पष्ट हो जाएगी लेकिन अभी आरक्षण का और इंतजार करना पड़ेगा।

सोमवार की शाम लखनऊ जाने से पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी आधे घंटे तक सर्किट हाउस में रुके। इस दौरान विधायक और पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। चर्चा के दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह से आरक्षण को लेकर जानकारी ली।

तब प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निकाय चुनाव की अधिसूचना के साथ ही आरक्षण जारी होगा। अधिसूचना कब जारी होगी, इस पर तस्वीर स्पष्ट नहीं की। प्रदेश अध्यक्ष ने निकाय चुनाव पर हुई चर्चा में कहा कि सभी स्तर पर तैयारियां पूरी हैं। आरक्षण आते ही प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी।

पदाधिकारियों से हर स्तर पर तैयारियां पूरी रखने के साथ बूथ, पन्ना प्रमुख और चुनाव संयोजकों को सक्रिय रखने पर जोर दिया। चर्चा के दौरान रामपुर विधानसभा और मैनपुरी में लोकसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रामपुर में भाजपा मजबूत है और मैनपुरी सीट पर फाइट टाइट है। दोनों सीटें जीतने का दावा किया। करीब 6 बजे के बाद प्रदेश अध्यक्ष ट्रेन से लखनऊ चले गए।

इस मौके पर विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक श्याम बिहारी लाल, पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य, छत्रपाल गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, आईएमए अध्यक्ष डा विनोद पागरानी, रवींद्र राठौर, पूरन लाल लोधी, पूर्व उप सभापति अतुल कपूर, पवन अरोड़ा, सोनू कालरा, प्रशांत आदि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए एमबी इंटर कॉलेज का मैदान तय
भाजपा महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने बताया कि 7 दिसंबर को मुख्यमंत्री के बरेली आने का कार्यक्रम तय हा गया है। एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा होगी। इस मैदान को फाइनल कर दिया है। अभी पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनसभा की तैयारियों के संबंध में रणनीति बनांएगे। मुख्यमंत्री के दौरे का जल्द सरकारी कार्यक्रम भी जारी होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में लोकार्पण /शिलान्यास कार्यक्रम भी हो सकता है।

ये भी पढ़ें- बरेली: चोरों के आतंक से सहमे उद्यमी, भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर काटा

संबंधित समाचार