बरेली: चोरों के आतंक से सहमे उद्यमी, भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर काटा
अक्टूबर में कई फैक्ट्रियों में चाेरियां हुईं, पुलिस एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर सकी
भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ गया है। अक्टूबर में कई फैक्ट्रियों में चाेरियां हुईं, लेकिन पुलिस एक चोरी का खुलासा नहीं कर सकी। ताबड़तोड़ होती
भोजीपुरा/बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ गया है। अक्टूबर में कई फैक्ट्रियों में चाेरियां हुईं, लेकिन पुलिस एक चोरी का खुलासा नहीं कर सकी। ताबड़तोड़ होती चोरियां से उद्यमी फैक्ट्री के कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। कई बार शिकायतें करने के बाद भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम नहीं किए गए। शनिवार रात चोरों ने इत्मिनान से औद्योगिक क्षेत्र के 30 और 31 प्लाट के बीच में रखे ट्रांसफार्मर को काटा।
ये भी पढ़ें- बरेली: 10 साल पुराना हो गया है आधार कार्ड तो करवा लें अपडेट, चल रहा विशेष अभियान
विद्युत सप्लाई बंद कर चोरों ने करीब चार घंटे में ट्रांसफार्मर खोला, लेकिन रात्रि गश्त पर रहने वाली पुलिस को भनक तक नहीं लगी। चोर ट्रांसफार्मर को काटकर कीमती तेल के साथ महंगा सामान चोरी कर ले गए। इस चोरी ने उद्यमियों में दहशत फैला दी है। मामले को लेकर भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष अजय शुक्ला ने नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि चोरी पर चोरी हो रही है और पुलिस तहरीर देने पर भी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। मंगलवार को उद्यमियों की पीड़ा को आईजी के समक्ष रखा जाएगा।
कुछ दिन पहले उद्घाटन से पहले फैक्ट्री से लाखों का माल ले गए
एसडी इंजीनियरिंग फैक्ट्री के स्वामी आस मोहम्मद ने बताया कुछ दिन पहले उनकी एचडी इंजीनियरिंग फैक्ट्री से कीमती मशीनों से पीतल धातु जैसे पुर्जे चोरी कर लिए थे। बताया कि उन्होंने दूसरी नई फैक्ट्री अमन इंडस्ट्रीज के नाम से भोजीपुरा पेट्रोल पंप के समीप चालू करने का प्रयास किया, लेकिन 2 नवंबर को फैक्ट्री की ओपनिंग होने से पहले फैक्ट्री के दरवाजे का ताला तोड़ चोर अंदर घुस गए। फैक्ट्री से कीमती लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। इसकी सूचना भोजीपुरा पुलिस को दी थी। पहले भी बैटरी बनाने की फैक्ट्री से सामान चोरी हुआ था।
नशेड़ियों ने औद्योगिक क्षेत्र में बना लिए हैं कई अड्डे
भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में 15 सितंबर 2022 को डीएस प्रभाकर जौहरी की पॉलीशान इंडस्ट्रीज फैक्ट्री से लाखों रुपए का सामान चोरी हुआ था। आए दिन चोरी की घटनाएं होने से उद्यमियों के साथ यहां काम करने वाले भी परेशान हैं। नशेड़ियों का अड्डा कई स्थानों पर बना है। सूचना देने के बाद भी पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम होती नजर आ रही है। अराजक तत्व रात्रि के दौरान घूमते नजर आते हैं, जो वारदात कर फरार हो जाते हैं। 19 अक्टूबर को प्लाट नंबर 34 में चोरी हुई। 21 को प्लांट नंबर एक में चोरी की घटना हुई थी।
अराजक तत्वों के घूमने से महिला वर्करों को भी खतरा
फैक्ट्रियों में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी कार्य करती हैं। औद्योगिक क्षेत्र में घूमने वाले अराजक तत्व महिलाओं के साथ भी कोई घटना कर सकते हैं। अजय शुक्ला ने भोजीपुरा पुलिस से रात्रि के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। जिससे चोरियों पर अंकुश लगने के साथ यहां काम करने वाले वर्कर भी सुरक्षित रह सकें।
पुलिसकर्मी औद्योगिक क्षेत्र में रात्रि गश्त पर रहते हैं। फैक्ट्री मालिकों की शिकायतों पर पुलिस पहरा और कड़ा कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर तेल चोरी का कोई भी लिखित प्रार्थना पत्र नहीं आया है, अगर कोई तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी-राकेश कुमार, थाना प्रभारी भोजीपुरा।
ये भी पढ़ें- बरेली: बिना ई-केवाईसी नहीं मिलेगी किसान सम्मान निधि की 13वीं किस्त, सरकार ने किया अनिवार्य
