अयोध्या: अदालत के आदेश पर 32 माह बाद दर्ज हुई चोरी की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बीकापुर, अयोध्या। कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति के यहां हुई चोरी के मामले में 32 माह बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। घटना थाना क्षेत्र के डहरियावा गांव की है। यहां 10 मार्च 2020 को गांव निवासी राजेश्वरी प्रसाद मिश्रा के यहां चोरी हो गई थी। 

पीड़ित द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि वह रोजगार के सिलसिले में परिवार के साथ लखनऊ में रहता है। गांव पर ताला लगा रहता है। 10 मार्च 2020 को रात में गांव के ही पट्टीदार ने फोन करके बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है और सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है। 

आनन-फानन में पीड़ित गांव पहुंचा तो देखा कि घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात, कपड़ा, साड़ी, चादर, कीमती बर्तन, अलमारी में रखा 35 हजार रुपये नगद चोरी कर लिया गया है। पीड़ित के जानकारी करने पर पता चला कि गांव की ही एक महिला ने ताला तोड़कर जेवरात, नगदी सहित सारा सामान चोरी कर लिया हैं।

 पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने की पुलिस सहित उच्च अधिकारियों से की लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था। आखिरकार अदालत की शरण ली, जहां से रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया गया। कोतवाली प्रभारी सुमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर गांव की एक महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया गया है।

संबंधित समाचार