जीआईएस-2023 में बोले सीएम योगी- दुनिया भर के निवेशकों का यूपी में स्वागत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। यूपी को देश के विकास का ग्रोथ इंजन बताते हुये मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश एक प्रगतिशील परिवर्तनकारी यात्रा के शिखर पर है। राष्ट्रीय राजधानी के सुषमा स्वराज प्रवासी भारतीय भवन में आयोजित उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस-2023) की कर्टेन रेजर सेरेमनी में सीएम योगी ने दुनिया भर के औद्योगिक निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। 

जीआईएस 2023 के लोगो का अनावरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आज एक प्रगतिशील परिवर्तनकारी यात्रा के शिखर पर है। उन्होंने कहा कि भारत को पांच हजार अरब (पांच ट्रिलियन) डॉलर की अर्थव्यवस्था का देश बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के विजन का अनुकरण करते हुए उत्तर प्रदेश ने अपने लिए दस खरब डालर का लक्ष्य रखा है।

इस क्रम में राज्य सरकार 10 से 12 फरवरी, 2023 तक लखनऊ में एक ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन कर रही है, ताकि राज्य में उपलब्ध असीम व्यावसायिक अवसरों से देश और दुनिया लाभान्वित हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इन्वेस्टर्स समिट वैश्विक औद्योगिक जगत को आर्थिक विकास में सहयोग करने के लिए एक एकीकृत मंच प्रदान करने में उपयोगी सिद्ध होगा।

तीन दिवसीय वैश्विक सम्मेलन में विश्व स्तर के नीति निर्धारकों, कॉर्पोरेट जगत के शीर्ष नेतृत्व, व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों, एकेडेमिया, विचार मंच एवं प्रबुद्धजनों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा तथा सामूहिक रूप से व्यावसायिक संभावनाओं एवं सहभागिता के अवसरों पर मंथन किया जाएगा। बड़े उद्देश्य वाले इस विशिष्ट आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश दुनिया भर के निवेशकों को आमंत्रित कर रहा है।

संबंधित समाचार