Kanpur में पहली बार रोबोट ने की मैनहोल की सफाई, नगर निगम और मशीनों को खरीदेगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur के आर्यनगर में बांडीकुट रोबोट ने की मैनहोल की सफाई।

नगर निगम ने केरल की जेनरोबोटिक्स इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से बांडीकुट नाम की रोबोटिक मशीन खरीदी है। जिसका ट्रायल मंगलवार को आर्यनगर में किया गया।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में मैनहोल की सफाई रोबोट ने करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को आर्यनगर में मैनहोल क्लीनिंग रोबोटिक मशीन का ट्रायल किया गया। 45 मिनट में रोबोट ने मैनहोल से लगभग 80 किलोग्राम कचरा बाहर निकाला। सफल परीक्षण के बाद अब नगर निगम इसी तरह की और मशीने खरीदने का प्लान बना रहा है।

कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड में सॉलिड वेस्ट परियोजना के नगर निगम ने पिछले दिनों केरल की जेनरोबोटिक्स इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से बांडीकुट नाम की रोबोटिक मशीन खरीदी है। जिसका ट्रायल मंगलवार को आर्यनगर में किया गया। यहां मशीन को कंपनी इंजीनियरों ने ऑपरेट कर मैनहोल से कूड़ा निकाला। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि महानगरों में सीवरेज नेटवर्क का विस्तार काफी बड़े स्तर पर है, जिसकी सफाई के लिए मैनपावर व मशीनरी की आवश्यकता होती है। सीवरेज में बनने वाली जहरीली गैसों के कारण कई बार घटनायें हो जाती हैं। कभी-कभी सफाई करने वाले मजदूर की मौत हो जाती है। जिसको देखते हुए नगर निगम ने रोबोट खरीदा है। 

एक दिन में 8 मैनहोल साफ करने की क्षमता
रोबोटिक मशीन को 17 राज्यों में सफलतापूर्वक इस्तमाल किया जा रहा है। रोबोटिक मशीन एक दिन में 5-8 मैनहोल की सफाई करने में सक्षम है। जो 20-45 मिनट में लगभग 80 किलोग्राम के कचरे को बाहर निकालने का कार्य करता है। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम जल्द ही ऐसी और मशीनें खरीदेगा। इसदौरान अधिशाषी अभियंता और केएससीएल के नोडल अधिकारी आरके सिंह, रामेन्द्र पाण्डेय सहायक अभियंता, जलकल, राहुल अवस्थी कम्पनी के डायरेक्टर निखिल एनपी समेत कई लोग रहे।

संबंधित समाचार