मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव: जोश में UP BJP अध्यक्ष, भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- तोड़ देंगे सपा का रिकॉर्ड मतों से जीतने का भ्रम

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव: जोश में UP BJP अध्यक्ष, भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- तोड़ देंगे सपा का रिकॉर्ड मतों से जीतने का भ्रम

जसवंतनगर/इटावा, अमृत विचार। मैनपुरी लोकसभा का उपचुनाव भाजपा पूरे दमखम के साथ लड़ेगी इसके लिए हम तैयार हैं। लोगों से जुड़ने के लिए पार्टी की तरफ से परिवार संपर्क अभियान भी शुरू किया जा रहा है।

यह बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहीं। वे यहां हाईवे मलाजनी स्थित एक ढाबे पर पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मतदाता सूची का गहन अध्ययन करें और एक एक मतदाता से सीधा संपर्क करें हमारे पास कार्यकर्ताओं की फौज हैl अबकी बार जसवंतनगर से सपा का रिकॉर्ड मतों से जीतने का भ्रम तोड़ेl 

उन्होंने कहा समाजवादी परिवार अब धीरे धीरे प्रधानी चुनाव में संघर्ष करने लायक रह जाएगा। उन्होंने बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से कहा कि शत प्रतिशत मतदान कराने की कोशिश करें। मतदाताओं को मोदी योगी सरकार के जनहित कार्यों को बताएं और पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील करें। चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में कानून का राज है इसलिए किसी भी भ्रम या बहकावे में ना आएं और निर्भीक होकर मतदान करें। भाजपा जीतने के लिए ही चुनाव लड़ रही है। 

विधायिका सरिता भदौरिया ने कहा कि वे लगातार सभाएं कर मतदाताओं को जागरूक कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सैफई वाली सोने की लंका में आखिरी कील लगाने का समय है। लंबे समय से यातनाएं सहने वाले कार्यकर्ता मतदान के दिन जवाब देंगे तथा सैफई परिवार को प्रधानी चुनाव लड़ने लायक नहीं छोड़ेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत में बूथ स्तरीय पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का फूल मालाएं पहनाकर व प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत सम्मान किया था। 

मंच पर प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, चंद्रिका उपाध्याय, विधायक सुरेंद्र मैथानी, गौरीशंकर के अलावा मानवेंद्र सिंह, डॉ. रमाकांत शर्मा, पर्वत सिंह यादव, राजबहादुर यादव, विवेक शाक्य गुड्डू राजेंद्र चौहान अजीत दिवाकर मुकेश यादव, राकेश निषाद आदि शामिल रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत ने की तथा संचालन महामंत्री शिवाकांत चौधरी ने किया। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।