रुद्रपुर: फर्जी आईडी से होटल में ठहरे महिला और युवक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। पूर्व जसपुर कोतवाल पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला को पुलिस ने रुद्रपुर के एक होटल में एक युवक के साथ गिरफ्तार किया है। महिला पर फर्जी आईडी से एक होटल में युवक की पत्नी बनकर रहने का आरोप है। साथ ही दोनों पर युवक की पत्नी का  सामान चोरी करने का आरोप भी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसका सामान व दस्तावेज चोरी कर लाया है। साथ ही कहा कि वह एक युवती के साथ रुद्रपुर के होटल में ठहरा हुआ है। जिस पर पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला के साथ होटल में छापा मारा तो वहां उसके पति और एक  अन्य महिला को पकड़ा। पूछताछ में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात पता चली। युवक अपनी पत्नी का कीमती सामान व दस्तावेज चोरी कर उक्त महिला के साथ भाग गया था और यहां होटल में उसे अपनी पत्नी बताकर रह रहा था। जिसके लिए उसने होटल में अपनी पत्नी की आईडी भी होटल में दे रखी थी। फर्जी आईडी पर रह रही महिला और युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आवास विकास चौकी प्रभारी नीमा बोहरा ने बताया कि युवक की पत्नी की शिकायत पर होटल में फर्जी आईडी के साथ रह रही उक्त महिला और युवक को गिरफ्तार किया है। पति पर महिला का सामान व दस्तावेज चोरी करने का आरोप भी है। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में फर्जी आईडी के माध्यम से रह रही महिला ने पूर्व जसपुर कोतवाल पर यौन शोषण का आरोप भी लगाया था। जिसके चलते पूर्व कोतवाल को निलंबित कर दिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

संबंधित समाचार