बांदा : कांग्रेस में कार्यकर्ता जोड़ो यात्रा पर काम जरूरी: नसीमुद्दीन सिद्दीकी 

बांदा : कांग्रेस में कार्यकर्ता जोड़ो यात्रा पर काम जरूरी: नसीमुद्दीन सिद्दीकी 

अमृत विचार, बांदा । प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी का प्रथम बार आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से शानदार स्वागत किया। पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कार्यालय में चांदी के मुकुट और फरसे से उन्हें सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाते हुए कहा कि राहुल गांधी की तर्ज पर हमें भी कार्यकर्ता जोड़ो यात्रा पर काम करना है। 

स्वागत से गदगद प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर चल रहे हैं। उनसे हौसला प्राप्त करते हुए हमें भी कार्यकर्ता जोड़ो यात्रा पर काम करना है। हमें कार्यकर्ता जोड़ने हैं। कहा कि स्थानीय नगर निकाय चुनाव सामने है। इन चुनावों में हमें मेहनत से कामयाबी हासिल करना है। आज एक बार फिर से गांव-गांव से लोग कांग्रेस से जुड़ने को तैयार हैं। हमें राहुल की तर्ज पर काम करना है। 

उन्होंने आज के हालात पर जिक्र करते हुए कहा कि हमें अपना हौसला मजबूत रखना है। तभी हम कामयाबी की ओर आगे बढ़ सकते हैं। जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी प्रद्युम्न दुबे लालू ने कहा कि हम मेहनत से कामयाबी हासिल करेंगे। निकाय चुनाव को चुनौती मानकर कार्य करेंगे। प्रांतीय महासचिव अखिलेश कुमार शुक्ल, पूर्व विधायक शिरोमणि भाई ने कहा कि आज कार्यकर्ता समर्पित होकर पार्टी का कार्य कर रहे हैं। 

हम कमजोर नहीं हैं। इस अवसर पर महिला अध्यक्ष सीमा खान, शनी पटेल, रामपाल अवस्थी, लक्ष्मीकांत मिश्रा, ओमप्रकाश सिंह, शिवबली सिंह, पप्पू रंपा अशरफउल्ला आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये। अंशुल राजेश दीक्षित, धर्मेश कुमार सिंह, ने प्रांतीय अध्यक्ष का चांदी के मुकुट व फरसा से स्वाग किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न दुबे लालू, प्रांतीय महासचिव अखिलेश कुमार शुक्ल, प्रांतीय कांग्रेस सदस्य मुमताज अली समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 शिवबली को पहनाया चांदी का मुकुट

कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता शिवबली सिंह का प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पार्टी कार्यालय में चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। शिवबली सिंह विगत 50 वर्षों से कांग्रेस कार्यालय में लगातार सेवाएं दे रहे हैं। प्रांतीय अध्यक्ष ने नौजवान कार्यकर्ताओं से उनसे सीख लेने की नसीहत दी।