सुल्तानपुर: भदिला खानीपुर में गरजी जेसीबी, प्रशासन ने छह घरों को ढहाया, गांव में मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, जयसिंहपुर, सुल्तानपुर। बुधवार की दोपहर जेसीबी के साथ तहसील के प्रशासनिक अधिकारी, क्षेत्राधिकारी व तीन थानों की पुलिस लेकर दोस्तपुर थाने के भदिला खानीपुर पहुंच गए। इस दौरान हड़कंप मच गया। एसडीएम के निर्देश पर जब लोगों के घरों पर जेसीबी चलने लगी तो ग्रामीण आवाक रह गए। हालांकि, तहसील प्रशासन द्वारा करीब सप्ताह भर पूर्व ही लोगों को नोटिस जारी कर सूचना दे दी गई थी।

दोस्तपुर थाना अंतर्गत भदिला खानीपुर गांव में बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे जयसिंहपुर एसडीएम संजीव कुमार यादव, तहसीलदार हृदय राम तिवारी, जयसिंहपुर क्षेत्राधिकारी प्रशांत सिंह राजस्व कर्मियों व जयसिंहपुर, दोस्तपुर, मोतिगरपुर थाने की पुलिस के साथ जेसीबी लेकर गांव पहुंचे तो गांव में हड़कंप मच गया। एसडीएम के निर्देश पर जेसीबी द्वारा गाटा संख्या 32, 94 व 200 जो राजस्व अभिलेख में खलिहान के रूप में दर्ज है। जिस पर निवास कर रहे रामप्रताप वर्मा, हरभजन यादव, राकेश यादव, अशोक यादव, बाबूराम यादव, राम अवध यादव, राम जनक यादव, खेमई यादव के आवासीय व पशुशाला को ढहा दिया।

Untitled(13)

तहसील प्रशासन की पूर्व सूचना पर ग्रामीणों ने अपने आवासीय घरों को खाली कर रखा था जो समान मौजूद भी था उसको भी आनन-फानन में लोगों ने निकाल लिया। शिवशंकर सिंह का केवल पशुशाला ही ढहाया गया जो खलिहान के अंतर्गत आता था। गाटा संख्या 32 में आवासीय भवन बनाने वाले श्री श्याम को कोर्ट से 14 दिन का स्थगन आदेश प्राप्त होने के कारण इन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

 स्थगन आदेश की समय सीमा दो दिसंबर को समाप्त हो रही है। मिली जानकारी के मुताबिक उक्त गाटा संख्या पर लोग करीब 40 वर्षों से मकान बनाकर रहते थे। पीड़ितों के मुताबिक उनके आवासीय घर की जमीन कब खलिहान में दर्ज हो गई इसकी जानकारी उन लोगों को पहले नहीं थी। पीड़ितों को आवासीय पट्टा भी मिला है, लेकिन अभी उन पर पीड़ित कब्जा नहीं कर पाए हैं।

एसडीएम संजीव कुमार यादव ने बताया कि खलिहान पर अवैध कब्जे की शिकायत तहसील प्रशासन को मिली थी। बेदखली के नोटिस जारी किया गया था। लोगों ने न्यायालय का सहारा लिया था, न्यायालय द्वारा अवैध कब्जा हटाने का निर्देश तहसील प्रशासन को मिला था। न्यायालय के निर्देश के क्रम में खलिहान से अवैध कब्जा हटाया गया है।

संबंधित समाचार