रामपुर: आजम खान की आवाज का नमूना लेगी पुलिस, जांच को लखनऊ भेजी जाएगी सीडी
टांडा क्षेत्र में अनुसूचित जाति-जनजाति पर विवादित बोल मामले में कोर्ट ने दिए पुलिस अधीक्षक को आदेश
रामपुर, अमृत विचार। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ने वाली हैं। मायावती के खिलाफ आपत्तिजनक जाति सूचक टिप्पणी करने के मामले में कोर्ट ने आजम खान की आवाज का नमूना लेने और जो आपत्तिजनक टिप्पणी की सीडी है उसके साथ जांच के लिए लखनऊ लैब में भेजने के आदेश पुलिस अधीक्षक को दिए हैं। इस मामले में तीन दिसंबर की अगली तारीख नियत की गई है।
बता दें कि 2007 के विधानसभा चुनाव में आजम खां पर स्वार (टांडा) में चुनाव प्रचार के दौरान एक जनसभा में बसपा सुप्रीमो के लिए आपत्तिजनक जाति सूचक शब्द बोलने का आरोप लगा था। तब इस मामले में बसपा नेता धीर कुमार शील ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि आजम खां ने बसपा सुप्रीमो के खिलाफ आपत्तिजनक जातिसूचक शब्द कहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करके विवेचना के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी। कोर्ट ने 30 अक्तूबर 2021 को आजम खां पर आरोप तय कर दिए थे। इस मामले की सुनवाई एमपी एमएलए कोर्ट सेशन ट्रायल में चल रही है। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया था कि आजम खां की आवाज के नमूने लेकर जांच को भेजा जाए।
इस मामले में आजम खान के अधिवक्ता ने आपत्ति दाखिल की थी। आपत्ति पर दोनों पक्षों की बहस 11 नवंबर को हुई थी। इस मामले में सोमवार को आजम खां की आपत्ति को कोर्ट ने खारिज कर दिया। इस मामले में अब कोर्ट ने पुलिस अधीक्षक को आदेश दिए हैं कि आजम खान की आवाज के नमूने लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की रिकार्ड सीडी के साथ लखनऊ की लैब में जांच कराके एक सप्ताह में प्रस्तुत की जाए। इस मामले में अगली तारीख तीन दिसंबर नियत की गई है। वहीं पुलिस ने अब आजम खान की आवाज के नमूने लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
मुरादाबाद लैब में नहीं है जांच की सुविधा
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने कहा था कि मुरादाबाद की लैब में आवाज की जांच की सुविधा नहीं है। पुलिस के ऐसा कहने के बाद कोर्ट ने लखनऊ की लैब में आजम की आवाज और सीडी में रिकार्ड आवाज का मिलान कराके रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
