भारत जोड़ो यात्रा: पहली बार पति और बेटे संग कदमताल करती आईं नजर प्रियंका गांधी, भाई राहुल का बढ़ाया हौसला

Amrit Vichar Network
Published By Himanshu Bhakuni
On

गौरतलब है कि राहुल नीत ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मध्य प्रदेश में 380 किलोमीटर का फासला तय करने के बाद चार दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश करेगी।

बोरगांव। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में अपने पति और बेटे के साथ गुरुवार को पहली बार शामिल हुईं। मध्य प्रदेश में इस यात्रा के दूसरे दिन राहुल ने खंडवा जिले के बोरगांव से पैदल चलना प्रारंभ किया। यात्रा में प्रियंका के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान भी पैदल चलते दिखाई दिए। राहुल जब पदयात्रा पर निकलते हैं तो सड़क के दोनों ओर पुलिस कर्मी उनकी सुरक्षा के लिए रस्सियों का सुरक्षा घेरा बनाकर साथ चलते हैं। 

प्रियंका के यात्रा में शामिल होने के बाद कांग्रेस के उत्साहित कार्यकर्ता भाई-बहन के समर्थन में नारेबाजी करते हुए उनके करीब आने की बार-बार कोशिश करते दिखाई दिए। उन्हें सुरक्षित घेरे से दूर करने के लिए पुलिस कर्मियों को अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी। बहरहाल, सूर्योदय के बाद जब बोरगांव से यात्रा ने मध्य प्रदेश में अपने दूसरे दिन में प्रवेश किया तो पहले दिन के मुकाबले भीड़ कम नजर आई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही इसमें लोगों और गाड़ियों का काफिला बढ़ता गया। 

इस बीच, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी यात्रा में राहुल और प्रियंका के साथ कदमताल करते दिखाई दिए। गौरतलब है कि राहुल नीत ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मध्य प्रदेश में 380 किलोमीटर का फासला तय करने के बाद चार दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश करेगी। पायलट पड़ोसी मध्य प्रदेश में ऐसे समय में यात्रा में शामिल हुए, जब यात्रा के राजस्थान पहुंचने से पहले इस कांग्रेस शासित राज्य में नेतृत्व में बदलाव की मांग एक फिर जोर पकड़ने लगी है। पूर्व उप मुख्यमंत्री के समर्थकों ने मुख्यमंत्री पद के लिए उनके नाम को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। 

राज्य में यात्रा के दूसरे दिन सख्त सुरक्षा प्रबंधों, वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में श्री गांधी ने सुबह निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप बोरगांव से पदयात्रा प्रारंभ की। उनके साथ कल ही यात्रा में शामिल होने आयीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी कदमताल किया। प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार और शनिवार को भी यात्रा के साथ रहेंगी। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, यात्रा के संयोजक दिग्विजय सिंह, वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, जीतू पटवारी और दर्जनों वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी भी यात्रा के साथ चल रहे हैं। 

राहुल गांधी की पदयात्रा दिन में लगभग दस बजे या उसके बाद दुल्हार फाटा पहुंचेगी। पूर्वान्ह का विश्राम कार्यक्रम यहीं पर है। इसके बाद आज ही यात्रा दिन में जनजातीय जनजानय टंट्या भील की जन्मस्थली बड़ौदा अहीर में पहुंचेगी। वहां पर आदिवासी सभा भी होगी। राहुल गांधी इसके बाद पंधाना में गुरूद्वारा साहिब पहुंचेंगे। 

साढ़े तीन बजे वहां से पदयात्रा फिर प्रारंभ होगी और देर शाम छैगांव माखन में पदयात्रा को आज का विराम दिया जाएगा। यात्रा का रात्रि विश्राम रोशिया खेरदा नाम के स्थान पर होगा। यहां से यात्रा शुक्रवार को फिर से प्रारंभ होगी। इसके पहले श्री गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने महाराष्ट्र की सीमा से बुधवार को मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया था। 

यात्रा बोदरली से सुबह प्रारंभ हुयी थी और विभिन्न पड़ाव के बाद शाम को खंडवा जिले के बोरगांव पहुंची थी। यात्रा खंडवा के साथ ही खरगोन, इंदौर, उज्जैन, आगरमालवा जिले से होते हुए चार दिसंबर को राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर जाएगी। इस दौरान राहुल गांधी 26 नवंबर को डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू (इंदौर) में पहुंचेंगे और सभा करेंगे। वे उज्जैन में भी जनसभा करेंगे। 

ये भी पढ़ें : ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में मेधा पाटकर की मौजूदगी गुजरात का सबसे बड़ा अपमान: शाह

संबंधित समाचार